कुमाऊँ उदय सम्मान समारोह में CM धामी ने गिनाईं उपलब्धियाँ, रुद्रपुर–उधमसिंह नगर के लिए बड़ी घोषणाएँ

रुद्रपुर व ऊधमसिंह नगर के समग्र विकास के लिए करोड़ों की योजनाएँ—मुख्यमंत्री ने गिनाईं उपलब्धियाँ, रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज, बाईपास, रेलवे स्टेशन नवीनीकरण और ड्रेनेज मास्टर प्लान तेजी से प्रगति पर: मुख्यमंत्री

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 12 Dec, 2025 09:22 PM
कुमाऊँ उदय सम्मान समारोह में CM धामी ने गिनाईं उपलब्धियाँ, रुद्रपुर–उधमसिंह नगर के लिए बड़ी घोषणाएँ

रुद्रपुर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रपुर के स्थानीय होटल में आयोजित कुमाऊँ उदय सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सम्मानित किया।


मुख्यमंत्री ने सम्मान समारोह में सम्मानित हुए व्यक्तियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अमर उजाला समाचार पत्र 1948 से संचालित है। उन्होंने कहा कि अमर उजाला के संस्थापक डोरीलाल जी ने 1948 में जो एक पौधा लगाया था, आज वह एक बड़ा वटवृक्ष बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी रजत जयंती वर्ष मनाया गया है, प्रदेश में अनेक उत्कृष्ट कार्य हुए हैं। सरकार प्रदेश को देश में अग्रणी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमारा राज्य विकास और समृद्धि के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। हमारी सरकार द्वारा आज राज्य के शहरों से लेकर सुदूर पर्वतीय गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जा रहा है। हमारी सरकार द्वारा ऊधमसिंह नगर जनपद और रुद्रपुर क्षेत्र के विकास के लिए भी विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। हमारी सरकार द्वारा रुद्रपुर में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है।


हम जहां एक ओर लगभग 590 करोड़ रुपये की लागत से रुद्रपुर बाईपास निर्माण करा रहे हैं, वहीं रुद्रपुर को खटीमा-टनकपुर एवं गदरपुर-जसपुर से जोड़ने वाली चार लेन सड़कों का निर्माण भी करा रहे हैं। इसके साथ ही, लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से मानूनगर-गदरपुर से दिनेशपुर-मटकोटा होकर सीधे हल्द्वानी को जोड़ने वाले मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य भी कराया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि रुद्रपुर रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण के साथ-साथ नई सिग्नल लाइनें और दो रेल ओवरब्रिज का निर्माण भी कराया जा रहा है। जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए रुद्रपुर के मास्टर ड्रेनेज प्लान को मंजूरी प्रदान की गई है, साथ ही सार्वजनिक स्थानों में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट्स का निर्माण भी प्रगति पर है।


रुद्रपुर में 15 करोड़ रुपये की लागत से उत्तराखंड का पहला कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट बनाया जा रहा है, वहीं 17 करोड़ रुपये की लागत से एक एडवांस कूड़ा प्रबंधन प्लांट भी स्थापित किया गया है।


उन्होंने कहा कि ऊधमसिंह नगर जनपद में किच्छा में 351 करोड़ रुपये की लागत से 100 एकड़ भूमि पर एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। साथ ही, पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाईअड्डा भी तैयार किया जा रहा है।


हमने जहां एक ओर गदरपुर और खटीमा में बाईपास का निर्माण कार्य कराया है, वहीं खटीमा और किच्छा में बस अड्डों का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, रुद्रपुर, गदरपुर और चकरपुर में खेल स्टेडियम, बहुउद्देश्यीय हॉल, साइकिलिंग ट्रैक और एथलेटिक्स ट्रैक सहित विभिन्न खेल सुविधाओं का निर्माण भी किया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि काशीपुर में अरोमा पार्क, सितारगंज में प्लास्टिक पार्क, काशीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्यूफैक्चरिंग क्लस्टर और पंतनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क की स्थापना की गई है। साथ ही, खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी की स्थापना कर पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति देने का प्रयास किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि जमरानी बांध बहुउद्देशीय परियोजना का निर्माण पुनः प्रारंभ कर पूरे तराई क्षेत्र की पेयजल और सिंचाई समस्या का समाधान किया जा रहा है। हमारी सरकार ने गन्ना किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से हाल ही में गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल वृद्धि की है, जिससे प्रदेश के गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार तराई क्षेत्र के समग्र विकास और जनता की समृद्धि के लिए अपने “विकल्प-रहित संकल्प” के साथ निरंतर कार्य करती रहेगी और सभी मिलकर तराई को एक आधुनिक और विकसित क्षेत्र बनाने के लक्ष्य को साकार करेंगे।


इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, SSP मणिकांत मिश्रा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2