विकास को धामी सरकार का मेगा बूस्ट, ₹1096 करोड़ की योजनाओं को मिली मंजूरी
इंफ्रास्ट्रक्चर से शिक्षा तक विकास को रफ्तार, मुख्यमंत्री धामी ने दी ₹1096 करोड़ की स्वीकृति
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 May, 2026 05:53 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की विभिन्न विकास योजनाओं, शिक्षा, पर्यटन, शहरी एवं ग्रामीण निकायों तथा कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए लगभग ₹1096 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को योजनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा राज्य योजना के अंतर्गत जनपद नैनीताल के विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी में कोटाबाग के पतलिया स्थित गुरूणी नाले पर पुल निर्माण के लिए ₹9.43 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा विकासखंड रामगढ़ के मोहन बाजार मुक्तेश्वर में कार पार्किंग निर्माण कार्य हेतु ₹9.89 करोड़ की स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रथम किश्त के रूप में ₹3.95 करोड़ जारी किए जाने का अनुमोदन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने छठवें राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत सभी शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम त्रैमासिक किश्त (अप्रैल से जून) के लिए ₹328.27 करोड़ तथा तीन गैर-निर्वाचित निकायों को प्रथम छमाही किश्त (अप्रैल से सितंबर) हेतु ₹3 करोड़ जारी करने की स्वीकृति दी है। इस प्रकार कुल ₹331.27 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की जाएगी।
इसके साथ ही त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं के लिए भी बड़ी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। जिला पंचायतों को प्रथम त्रैमासिक किश्त के रूप में ₹82.20 करोड़, क्षेत्र पंचायतों को प्रथम छमाही किश्त हेतु ₹75.46 करोड़ तथा ग्राम पंचायतों को ₹194.61 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। कुल मिलाकर पंचायतीराज संस्थाओं के लिए ₹352.27 करोड़ की धनराशि जारी की जाएगी।
शिक्षा क्षेत्र को भी बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने प्रारंभिक शिक्षा के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के कार्मिकों के वेतन भुगतान हेतु वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रावधानित ₹160 करोड़ में से प्रथम किश्त के रूप में ₹80 करोड़ जारी करने की स्वीकृति प्रदान की है। वहीं माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत प्रथम छह माह (अप्रैल से सितंबर 2026) के लिए प्रावधानित धनराशि के सापेक्ष प्रथम 50 प्रतिशत राशि के रूप में ₹300 करोड़ अवमुक्त किए जाने का अनुमोदन किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर भी महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृतियां दी हैं। शहरी विकास विभाग के अंतर्गत हरिद्वार में शंकराचार्य चौक, देवपुरा चौक, चन्द्राचार्य चौक एवं आर्यनगर चौक के आंतरिक मार्गों तथा बैरियर से गुगाल मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग के नवीनीकरण कार्य हेतु ₹6.44 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त रानीपुर मोड़, शंकर आश्रम, शिव मूर्ति चौक और झंडा चौक के जंक्शन सुधार एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹6.83 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
कुम्भ मेला-2027 के तहत शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए डीजल संचालित सेल्फ-प्रोपेल्ड वैक्यूम आधारित ईवी रोड स्वीपिंग मशीनों की आपूर्ति एवं कमीशनिंग हेतु ₹5.95 करोड़ की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के माध्यम से आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।



No Previous Comments found.