दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर उत्तराखंड की लाइफलाइन साबित होगा : CM धामी
मुख्यमंत्री ने कहा- परियोजना से पर्यटन, उद्योग, निवेश और रोजगार को मिलेगा बड़ा बढ़ावा, राज्य की अर्थव्यवस्था होगी मजबूत
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Apr, 2026 05:37 PMदेहरादून, 14 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तराखंड को बड़ी सौगात देते हुए बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच कनेक्टिविटी को नई दिशा मिली है। अब दोनों शहरों के बीच यात्रा समय लगभग 6 घंटे से घटकर करीब 2.5 घंटे रह जाएगा, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन अधिक तेज व सुगम होगा।
यह कॉरिडोर आधुनिक तकनीक और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसकी प्रमुख विशेषताओं में 12 किलोमीटर लंबा वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल है, जिसे एशिया के सबसे लंबे वन्यजीव गलियारों में माना जा रहा है। इसका उद्देश्य वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और वाहनों से टकराव की घटनाओं को कम करना है।
इस परियोजना से न केवल सड़क संपर्क मजबूत होगा, बल्कि पर्यटन, व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। पर्वतीय राज्य उत्तराखंड के लिए इसे एक महत्वपूर्ण “लाइफलाइन” परियोजना माना जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हर कार्यक्रम ऐतिहासिक होता है और आज का दिन उत्तराखंड के विकास के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारा राज्य के विकास में नई ऊर्जा का संचार करेगा।
मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके विचार सामाजिक समरसता, समानता और न्यायपूर्ण समाज निर्माण के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
धामी ने कहा कि यह कॉरिडोर उत्तराखंड के पर्यटन, उद्योग और निवेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा तथा आने वाले वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान करेगा।


No Previous Comments found.