पर्यावरण बचाना सामूहिक जिम्मेदारी, आगे आएं सभी: धामी
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 4 Jun, 2026 06:47 PMदेहरादून। विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हमारी जीवनशैली और भविष्य से जुड़ा विषय है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपराओं और जीवन शैली का प्रकृति के साथ सदियों पुराना और गहरा संबंध रहा है। हरेला जैसे लोकपर्व प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और संरक्षण की भावना के प्रतीक हैं। प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत सदैव पर्यावरण संरक्षण के मूल्यों को मजबूत करती रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध वन सम्पदा, जैव विविधता और जीवनदायिनी नदियों से है। राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों और जैविक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है, लेकिन पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए जनसहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरणीय असंतुलन आज वैश्विक चिंता के विषय बन चुके हैं। इन चुनौतियों का सामना करने के लिए जल, जंगल और जमीन के संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं और आम नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
धामी ने कहा कि अधिक से अधिक पौधारोपण, जल स्रोतों का संरक्षण, नदियों एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता तथा प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने जैसे प्रयासों को जनआंदोलन का स्वरूप देना होगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक चेतना और सामूहिक संकल्प के बल पर ही पर्यावरणीय चुनौतियों का प्रभावी समाधान संभव है।
मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में आयोजित पौधारोपण और स्वच्छता अभियानों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की भी अपील की।



No Previous Comments found.