धामी सरकार का बड़ा फैसला, विकास योजनाओं के लिए ₹33 करोड़ से अधिक मंजूर

हरिद्वार, उत्तरकाशी, टिहरी और चंपावत की पेयजल, सीवर व निर्माण योजनाओं को मिली वित्तीय स्वीकृति

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 19 Aug, 2026 05:21 PM
धामी सरकार का बड़ा फैसला, विकास योजनाओं के लिए ₹33 करोड़ से अधिक मंजूर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों को गति देने के लिए ₹33 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करने के प्रस्तावों को अनुमोदन दिया है। स्वीकृत योजनाओं में सीवर लाइन बदलने, पेयजल योजना के निर्माण और न्यायिक अधिकारी के आवासीय भवन के निर्माण से जुड़े कार्य शामिल हैं।

हरिद्वार में सीवर लाइन के लिए ₹2.95 करोड़

जनपद हरिद्वार की हरिद्वार (गंगा) शाखा के अंतर्गत ज्वालापुर जोन-III में विभिन्न व्यास की पुरानी सीवर लाइनों को बदलने के लिए ₹2.95 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इससे क्षेत्र में सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी।

सांकरी पेयजल योजना को ₹3.05 करोड़

उत्तरकाशी जिले में पुरोला शाखा के अंतर्गत विकासखंड मोरी की सांकरी पेयजल योजना के लिए ₹3.05 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। योजना के माध्यम से क्षेत्र में पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

टिहरी में पेयजल पंपिंग योजना के लिए ₹26.44 करोड़

टिहरी जिले के विकासखंड हिण्डोलाखाल के ग्राम महडजाली में उमरेश्वर माछर पेयजल पंपिंग योजना के निर्माण के लिए सबसे बड़ी ₹26.44 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। योजना के निर्माण से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

चंपावत में जिला न्यायाधीश के आवासीय भवन को भी मंजूरी

इसके अलावा चंपावत जिले में जिला न्यायाधीश के आवासीय भवन के निर्माण के लिए ₹5.31 लाख की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन मुख्यमंत्री ने प्रदान किया है।

इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और लंबित निर्माण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.