उत्तराखंड में विकास को बड़ा बूस्ट, सीएम धामी ने 289 करोड़ की परियोजनाओं पर लगाई मुहर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 19 Jun, 2026 11:07 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों, अवस्थापना सुविधाओं के विस्तार, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने, पेयजल योजनाओं, आपदा राहत तथा जनसुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं के लिए कुल ₹289 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस फैसले को राज्य में विकास कार्यों को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री द्वारा गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के लिए कुल ₹150 करोड़ के सापेक्ष पहली किस्त के रूप में ₹75 करोड़ जारी करने को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा विश्व बैंक सहायतित आपदा प्रबंधन परियोजना यू-प्रियेपर (U-PREPARE) के लिए भी ₹75 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।
प्रदेश में पेयजल और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के तहत हरिद्वार के भूपतवाला में पाइपलाइन बिछाने के लिए ₹4.67 करोड़, मसूरी की अपर सौंधोवाली रिवर घाटी पेयजल योजना के लिए ₹4.24 करोड़, सहसपुर ऑगमेंटेशन पेयजल योजना के लिए ₹21 करोड़ और शंकरपुर-हुकुमतपुर पेयजल योजना के लिए ₹19 करोड़ की मंजूरी दी गई है।
देहरादून शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्रमुख चौराहों के सुधार और आधुनिकीकरण हेतु ₹33.45 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं सहस्त्रधारा हेलीपैड पर कॉन्फ्रेंस हॉल, वेटिंग लाउंज और अन्य निर्माण कार्यों के लिए ₹1.36 करोड़ मंजूर किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने आपदा राहत के तहत पिथौरागढ़ जिले के विभिन्न क्षेत्रों के 78 प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और विस्थापन के लिए ₹3.81 करोड़ स्वीकृत किए हैं। साथ ही वन्यजीवों द्वारा मानव, पशु, फसल और मकान क्षति से जुड़े लंबित और आकस्मिक भुगतान के लिए ₹30 करोड़ की राशि राज्य आपदा मोचन निधि से जारी करने को मंजूरी दी गई है।
उधम सिंह नगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में सड़क और न्यायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए जोगीढेर नगला में 6 किलोमीटर हॉटमिक्स रोड हेतु ₹6.02 करोड़, खकरा क्रोकोडाइल ट्रेल मोटर मार्ग के लिए ₹3.45 करोड़ तथा दीवानी न्यायालय परिसर में आवासीय भवन निर्माण के लिए ₹1 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा हरिद्वार जिला न्यायालय में CCTV कैमरे लगाने के लिए ₹1.28 करोड़, चंपावत के जवाहर नवोदय विद्यालय मटौली में ओपन जिम निर्माण के लिए ₹99.44 लाख, तथा मां पूर्णागिरी धाम के सेमागाड़ गांव में इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य के लिए ₹19.68 लाख की मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले में पपरसैली-बल्टा मोटर मार्ग का नाम शहीद स्वर्गीय भूपाल सिंह उप निरीक्षक, कीर्ति चक्र के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।
सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के जरिए प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, आपदा प्रबंधन को मजबूती मिलेगी और आम जनता को सीधे तौर पर विकास कार्यों का लाभ मिलेगा।



No Previous Comments found.