उत्तराखंड में अग्निवीरों के लिए बनेगा विशेष ‘अग्निवीर सेल’, होमस्टे योजना में मिलेगा अनुदान: सीएम धामी

‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने की कई बड़ी घोषणाएं, सरकारी सेवाओं में 10% क्षैतिज आरक्षण और स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 17 Jul, 2026 05:07 PM
उत्तराखंड में अग्निवीरों के लिए बनेगा विशेष ‘अग्निवीर सेल’, होमस्टे योजना में मिलेगा अनुदान: सीएम धामी

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य सरकार अग्निवीरों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनेगा, जहां सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए विशेष ‘अग्निवीर सेल’ की स्थापना की जाएगी। इसके माध्यम से उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने, रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए समर्पित व्यवस्था विकसित की जाएगी।



मुख्यमंत्री शुक्रवार को देहरादून के कुआंवाला स्थित यूथ फाउंडेशन ट्रेनिंग एरिया में आयोजित ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को मिलेगा विशेष अनुदान

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना के तहत पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को होमस्टे स्थापित करने के लिए विशेष अनुदान दिया जाएगा। साथ ही सीमावर्ती गांवों में स्थानीय निवासियों, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों के लिए स्वरोजगार से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु भी विशेष वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को पुलिस, वन विभाग और आपदा प्रबंधन सहित राज्य की विभिन्न सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। इसके अलावा भर्ती प्रक्रियाओं में अधिकतम आयु सीमा में छूट और आवश्यक प्राथमिकता भी सुनिश्चित की गई है, ताकि सेना में सेवा देने वाले प्रत्येक युवा को सम्मानजनक भविष्य मिल सके।

शहीद परिवारों और पूर्व सैनिकों के लिए कई कल्याणकारी कदम

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिजनों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। शहीद परिवारों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजन, सरकारी नौकरी के आवेदन की समय-सीमा दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष, वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों के सम्मान में वृद्धि, युद्ध विधवाओं एवं दिव्यांग सैनिकों के लिए विशेष सहायता तथा पूर्व सैनिकों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए आर्थिक सहायता जैसी व्यवस्थाएं भी लागू की गई हैं।

‘अग्निवीर बनना केवल नौकरी नहीं, राष्ट्रसेवा का अवसर’

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीर बनना केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च अवसर है। सेना में बिताए गए चार वर्ष युवाओं के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार अग्निवीरों के सम्मान और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।

‘मैं सैनिक का बेटा हूं’

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं एक सैनिक के पुत्र हैं और बचपन से उन्होंने सैनिकों का अनुशासन, त्याग और राष्ट्रभक्ति को करीब से देखा है। उन्होंने कहा कि सैनिकों के बीच आकर उन्हें अपने परिवार जैसा अपनापन महसूस होता है।

पारदर्शी भर्ती व्यवस्था का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती घोटालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नकल विरोधी कानून लागू किया, जिसमें उम्रकैद तक की सजा का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि 100 से अधिक नकल माफिया को जेल भेजा जा चुका है और इसी का परिणाम है कि पिछले पांच वर्षों में राज्य में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

विकास और रोजगार पर भी रखा जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है और राज्य ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि कीवी, एप्पल और तिमरू मिशन जैसी योजनाओं से किसानों को लाभ मिल रहा है। उत्तराखंड सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) सूचकांक में देश में प्रथम स्थान पर पहुंचा है, जबकि फिल्म फ्रेंडली स्टेट के रूप में भी राज्य को सम्मान मिला है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चारधाम यात्रा, आदि कैलाश यात्रा और शीतकालीन यात्रा सहित विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन यात्राओं के माध्यम से 24 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तराखंड पहुंचे हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं।

कार्यक्रम में विधायक बृजभूषण गैरोला, यूथ फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कौठियाल, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) गुलाब सिंह रावत, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #Agniveer #YouthFoundation #Dehradun #ExServicemen #GovernmentJobs #Tourism #Homestay #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2