उत्तराखण्ड के अनुभवों को देशभर तक पहुंचाएं युवा, बनें डिजिटल ब्रांड एंबेसडर: CM धामी
हरियाणा के युवाओं ने मुख्यमंत्री से साझा किए तीन दिवसीय उत्तराखण्ड भ्रमण के अनुभव, कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे और सौर ऊर्जा के प्रयासों की सराहना
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 3 Oct, 2026 12:06 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं ने भेंट की। इस दौरान युवाओं ने राज्य में कनेक्टिविटी, पर्यटन, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, सीमांत क्षेत्रों के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े अपने अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
हरियाणा से आए युवाओं ने कहा कि तीन दिनों के भ्रमण के दौरान उन्हें उत्तराखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों को करीब से समझने का अवसर मिला। उन्होंने सड़क और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार, रेलवे नेटवर्क के विकास, पर्यटन सुविधाओं और सीमांत क्षेत्रों में अवस्थापना विकास के प्रयासों की सराहना की।
युवाओं ने उत्तराखण्ड के स्वच्छ वातावरण और बेहतर वायु गुणवत्ता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि होम-स्टे को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों से स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे कार्य भी उन्हें प्रभावी लगे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में तीर्थाटन और पर्यटन के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का असर दिखाई दे रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी और सुविधाओं से पर्यटकों तथा श्रद्धालुओं के लिए यात्रा अधिक सुगम हो रही है। युवाओं ने सोलर रूफटॉप योजना को भी राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों के लिहाज से उपयोगी पहल बताया।
हरियाणा के युवाओं ने उत्तराखण्ड के शांत वातावरण और स्थानीय लोगों के आत्मीय व्यवहार की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां की संस्कृति, परंपराओं और लोगों के व्यवहार ने उनके भ्रमण को यादगार बनाया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं का स्वागत करते हुए कहा कि “अतिथि देवो भवः” देवभूमि उत्तराखण्ड की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराज्यीय भ्रमण युवाओं को देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, जीवनशैली, विकास कार्यों और नवाचारों को समझने का अवसर देते हैं। साथ ही इससे राज्यों के बीच विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान भी बढ़ता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। अंत्योदय की भावना के अनुरूप गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और समाज के अन्य वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के साथ सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए भी कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने के साथ महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, सौर ऊर्जा और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने हरियाणा के युवाओं से कहा कि उन्होंने तीन दिनों में उत्तराखण्ड में जो देखा और अनुभव किया है, उसे अपने मित्रों तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि “आप उत्तराखण्ड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर भी हैं।” युवाओं के माध्यम से उत्तराखण्ड की संस्कृति, पर्यटन, तीर्थाटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, मिलेट्स, हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी देश के अन्य हिस्सों तक पहुंचाई जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग-अलग राज्यों के युवाओं के बीच संवाद और अनुभवों का आदान-प्रदान देश की विविधता को समझने और एक-दूसरे से सीखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से उत्तराखण्ड से जुड़े अपने अनुभव हरियाणा के युवाओं के साथ साझा करने तथा दोनों राज्यों के बीच संस्कृति, पर्यटन, नवाचार और बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #HaryanaYouth #UttarakhandTourism #DigitalBrandAmbassador #Homestay #Tourism #Dehradun



No Previous Comments found.