गंगोत्री, केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट होंगे बंद : मुख्यमंत्री धामी

चारधाम यात्रा के सफल समापन की ओर उत्तराखंड | मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, तीर्थयात्रियों का जताया आभार

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 12 Nov, 2026 01:40 AM
गंगोत्री, केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट होंगे बंद : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। उत्तराखंड की विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा अब अपने समापन की ओर बढ़ रही है। शीतकालीन प्रवास की धार्मिक परंपराओं के तहत श्री गंगोत्री, श्री केदारनाथ और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट बंद कर दिए गए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समस्त श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए बाबा केदार, मां गंगा और मां यमुना से सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 नवंबर को श्री गंगोत्री धाम तथा 11 नवंबर को श्री केदारनाथ और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट विधि-विधान एवं पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं। अब 16 नवंबर को श्री बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का औपचारिक समापन हो जाएगा।

श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या देवभूमि के प्रति अटूट आस्था का प्रमाण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या उत्तराखंड की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता के प्रति देश-दुनिया के लोगों की अटूट आस्था को दर्शाती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का देवभूमि पहुंचना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए। यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, स्वयंसेवकों और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात जवानों की भूमिका सराहनीय रही है।

उत्तराखंड की आर्थिकी और पर्यटन का मजबूत आधार है चारधाम यात्रा

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की आर्थिकी, पर्यटन और स्थानीय लोगों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण आधार है। यात्रा से जुड़े होटल, होमस्टे, परिवहन, स्थानीय व्यापार और अन्य व्यवसायों को भी आर्थिक मजबूती मिलती है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि आने वाले वर्षों में चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को और अधिक आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाया जाए। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही यात्रा मार्गों पर आधारभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं का जताया आभार, सभी के कल्याण की कामना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश-विदेश से चारधाम यात्रा पर पहुंचे सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार तीर्थयात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कामना की कि बाबा केदार, भगवान बदरी विशाल, मां गंगा और मां यमुना की कृपा समस्त देशवासियों पर सदैव बनी रहे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आए।

उल्लेखनीय है कि श्री गंगोत्री, श्री केदारनाथ और श्री यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद अब श्रद्धालुओं की निगाहें 16 नवंबर को होने वाले श्री बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के धार्मिक आयोजन पर टिकी हैं। इसके साथ ही वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा का समापन हो जाएगा।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.