उत्तराखण्ड की जड़ों से जुड़े रहें प्रवासी, अपनी संस्कृति और विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाएं : धामी

लखनऊ में उत्तराखण्ड महोत्सव-2026 में मुख्यमंत्री ने प्रवासियों से किया आह्वान, बोले- उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड सहोदर भाई, दोनों की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 17 Nov, 2026 08:52 PM
उत्तराखण्ड की जड़ों से जुड़े रहें प्रवासी, अपनी संस्कृति और विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाएं : धामी

लखनऊ। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी मातृभूमि, लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भौगोलिक रूप से हम कहीं भी रहें, लेकिन अपनी बोली-भाषा, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जुड़ाव बनाए रखना आवश्यक है। अपनी जड़ों से जुड़ाव ही हमारी पहचान को सुरक्षित रखने और भावी पीढ़ियों तक अपनी समृद्ध विरासत पहुंचाने का माध्यम है।

मुख्यमंत्री मंगलवार को लखनऊ स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखंड महापरिषद की ओर से आयोजित उत्तराखण्ड महोत्सव-2026 में प्रतिभाग कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। वे अपनी मेहनत, प्रतिभा और कार्यकुशलता से देश-विदेश में उत्तराखण्ड का नाम रोशन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रवासियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने और प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से प्रवासियों के अनुभव, ज्ञान, कौशल और निवेश क्षमता का लाभ प्रदेश के विकास में लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रवासियों से अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास में योगदान देने की अपील की।

उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड का रिश्ता सहोदर भाइयों जैसा

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश हमारा सहोदर भाई है। दोनों राज्यों के बीच केवल भौगोलिक और प्रशासनिक संबंध ही नहीं, बल्कि गहरा सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक जुड़ाव भी है। दोनों राज्यों की प्रगति एक-दूसरे की प्रगति से जुड़ी हुई है।

उन्होंने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में सड़क, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक विकास, पर्यटन, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। गंगा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध किया है। इससे उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के बीच आवागमन, व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहन मिल सकेगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में लगभग 38 हजार करोड़ रुपये के निवेश का भी उल्लेख किया।

बदरीनाथ मास्टर प्लान और केदारनाथ पुनर्निर्माण से बदल रही तस्वीर

उत्तराखण्ड में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत श्रद्धालुओं की सुविधाओं, आध्यात्मिक वातावरण और आधारभूत ढांचे का विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुरू होने से दोनों क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा। इससे पर्यटन, व्यापार, उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क का विस्तार और विभिन्न रोपवे परियोजनाएं भी प्रदेश के विकास को नई दिशा प्रदान करेंगी।

चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं, जबकि हेमकुंड साहिब में लगभग 3.90 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं। आदि कैलाश यात्रा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने भागीदारी की है।

उन्होंने कहा कि सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के साथ यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार कर रही है। शीतकालीन यात्रा को भी नई पहचान दी जा रही है, ताकि वर्षभर पर्यटन गतिविधियां जारी रहें और स्थानीय युवाओं, होमस्टे संचालकों, होटल व्यवसायियों तथा छोटे कारोबारियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े धार्मिक स्थलों को जोड़कर आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। कैंची धाम सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही इको-टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म और ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि पर्यटन का लाभ दूरस्थ पर्वतीय गांवों तक पहुंच सके।

सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून से युवाओं के हितों की रक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और विशिष्ट पहचान को संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। वहीं, स्थानीय नागरिकों और प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए सख्त भू-कानून लागू किया गया है।

उन्होंने कहा कि नकल माफिया पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इससे भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार ने हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां प्रदान की हैं।

महिला सशक्तीकरण के संबंध में उन्होंने बताया कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के साथ महिला स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और स्वरोजगार से जुड़ी पहलों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध सख्त प्रावधान लागू किए गए हैं। उन्होंने मदरसा बोर्ड समाप्त करने और अवैध रूप से संचालित मदरसों के विरुद्ध की गई कार्रवाई का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना, युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना और सभी नागरिकों को समान अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और जनता के सहयोग से उत्तराखण्ड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखण्डी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.