युवाओं को राज्य में ही शिक्षा और रोजगार के अवसर देने पर जोर, पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकता: धामी

काशीपुर में युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में 1,400 से अधिक विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने किया संवाद, युवा आयोग और अग्निवीर सेल को लेकर दी जानकारी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 19 Sep, 2026 06:01 PM
युवाओं को राज्य में ही शिक्षा और रोजगार के अवसर देने पर जोर, पलायन रोकना सरकार की प्राथमिकता: धामी

काशीपुर, 19 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर के एक निजी होटल में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1,400 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, तकनीक, अग्निवीर योजना, साइबर क्राइम और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में नई सोच, नवाचार और कुछ कर गुजरने का जज्बा है। सरकार का प्रयास है कि राज्य का कोई भी प्रतिभाशाली युवा अवसरों के अभाव में पीछे न रह जाए।

शिक्षा और तकनीक पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने के लिए 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं और सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है। वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क के विस्तार के साथ छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता भी दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि देहरादून में देश की पांचवीं सबसे बड़ी साइंस सिटी विकसित की जा रही है। इसके अलावा प्रदेश में STEM लैब्स, साइंस एवं इनोवेशन गतिविधियों और बाल विज्ञान कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और व्यावहारिक सीख को बढ़ावा दिया जा रहा है।

युवाओं को जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार चाहती है कि युवा नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाले उद्यमी बनने का भी सपना देखें। इसके लिए स्टार्टअप, नवाचार और मांग आधारित कौशल प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा और रोजगार के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो, इसके लिए राज्य में औद्योगिक एवं रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं।

युवा आयोग और अग्निवीर सेल का जिक्र

विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा आयोग युवाओं की शिक्षा पूरी होने के बाद रोजगार के अवसरों और सरकारी सेवाओं से जुड़ने में सहयोग करेगा। वहीं, अग्निवीरों के भविष्य को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह सजग है और इसके लिए अग्निवीर सेल का गठन किया जा रहा है।

एआई और तकनीक से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चुनौती के साथ एक बड़ा अवसर भी है। युवाओं को बदलती तकनीक के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करना चाहिए।

भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात

भ्रष्टाचार पर सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है तो नागरिक टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाती है और शिकायतों की जांच की जाती है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सोच, मेहनत और प्रतिभा उत्तराखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, फरजाना बेगम, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, खिलेंद्र चौधरी, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, एसएसपी अजय गणपति सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #Youth #Education #Employment #Kashipur #UttarakhandNews


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2