युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत: मुख्यमंत्री धामी

गुरुकुल कांगड़ी में युवा संवाद कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री, स्टार्टअप, स्वरोजगार और पारदर्शी भर्ती से युवाओं को मिल रहे नए अवसर

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 1 Aug, 2026 06:06 PM
युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत: मुख्यमंत्री धामी

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में सुरक्षित है और विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति सबसे बड़ी भूमिका निभाने वाली है। उन्होंने कहा कि आज का युवा नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार देने वाला “जॉब क्रिएटर” बन रहा है।

मुख्यमंत्री शनिवार को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के चेहरों पर दिखाई देने वाला आत्मविश्वास देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और संस्कारों का केंद्र है, जहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा के मूल्य भी सिखाए जाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है, जहां 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है। यही जनशक्ति देश को विकसित राष्ट्र बनाने की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विकास योजना, कौशल विकास योजना, एक जनपद-दो उत्पाद (ओडीओपी) योजना, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, सौर स्वरोजगार योजना, नई पर्यटन नीति और नई फिल्म नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज किया गया है तथा बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने यह भी कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है तथा बिना किसी भेदभाव के 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जो पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में दोगुनी से भी अधिक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण प्राप्त करने में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने के लिए सरकार प्रक्रिया को और सरल बनाएगी। इसके लिए विशेष शिविर आयोजित कर युवाओं की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम के आयोजक एवं भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. प्रतिभा लूथरा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, राज्य मंत्री डॉ. जयपाल सिंह चौहान, शोभाराम प्रजापति, श्यामवीर सैनी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, एसपी ट्रैफिक अभय प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#PushkarSinghDhami #YouthDialogue #Haridwar #GurukulKangri #Uttarakhand #Startup #Employment #SkillDevelopment #YuvaShakti #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2