चंपावत को मिली बड़ी स्वास्थ्य सौगात, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया अत्याधुनिक MRI मशीन का लोकार्पण
सीमांत क्षेत्र के लिए ₹40 करोड़ से अधिक की स्वास्थ्य परियोजनाओं की सौगात, बोले— स्वस्थ उत्तराखंड ही विकसित उत्तराखंड की नींव
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 29 Jun, 2026 04:39 PMचंपावत, 29 जून 2026। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को चंपावत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीमांत क्षेत्र को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए अत्याधुनिक एमआरआई (MRI) मशीन का लोकार्पण किया। यह मशीन कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत ICICI Bank की इकाई ICICI Foundation for Inclusive Growth के सहयोग से लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “स्वस्थ उत्तराखंड ही समर्थ, आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड का मुख्य आधार है।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता केवल अस्पतालों का निर्माण करना नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशिक्षित मानव संसाधन से सशक्त बनाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एमआरआई मशीन के शुरू होने से सीमांत क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, समय पर सटीक जांच और उच्च स्तरीय उपचार की सुविधा मिल सकेगी। इसका लाभ केवल चंपावत ही नहीं, बल्कि Pithoragarh, Almora, Nainital सहित आसपास के अन्य पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों के नागरिकों को भी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अब तक चंपावत और आसपास के गंभीर मरीजों को एमआरआई जैसी जटिल जांचों के लिए Haldwani या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय, धन और मानसिक परेशानी बढ़ती थी। अब मस्तिष्क, रीढ़, नसों, जोड़ों, कैंसर और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों की उन्नत जांच स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होगी, जिससे समय पर उपचार संभव होगा और कई बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार केवल वर्तमान जरूरतों पर नहीं, बल्कि भविष्य की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मजबूत स्वास्थ्य ढांचे का निर्माण कर रही है। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय चंपावत में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड वाले आधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
इसके अलावा जिला अस्पताल में 11.71 करोड़ रुपये की लागत से लोअर ग्राउंड फ्लोर में पार्किंग, प्रथम एवं द्वितीय तल पर अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक विंग और आधुनिक ऑपरेशन थिएटर का निर्माण किया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक आधुनिक एवं मजबूत बनेंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अमोड़ी में 2.18 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का निर्माण कराया गया है, जिससे स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं।
राज्य में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान में 470.05 लाख रुपये की लागत से 129 बेड वाले आधुनिक छात्रावास का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके साथ ही जनपद चंपावत में नए पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है, जिससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि आर्थिक अभाव किसी भी परिवार के इलाज में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि Ayushman Bharat Yojana और अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को पूरी तरह निःशुल्क और कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चंपावत में स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में दिखाई दे रहा यह परिवर्तन सरकार की अंत्योदय आधारित सोच का परिणाम है, जिसमें आम नागरिक का स्वास्थ्य और जीवन सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से एक ऐसे उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया, जहां हर व्यक्ति को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर जीवन सहज रूप से उपलब्ध हो।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल महारा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।



No Previous Comments found.