संविधान के आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारें : मुख्यमंत्री धामी

संविधान एवं विधि दिवस पर अभियोजन विभाग के लिए तीन बड़ी घोषणाएं, नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता के लिए मिलेंगे 25 लाख रुपये

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 26 Nov, 2026 12:55 PM
संविधान के आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारें : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून, 26 नवंबर। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों को अपने व्यवहार एवं कार्यशैली में आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, न्याय, समानता और नागरिक अधिकारों का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि कानून का वास्तविक महत्व तभी है, जब उसका पालन बिना किसी भेदभाव के सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री गुरुवार को पुलिस लाइन, देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने, कार्यालयों के आधुनिकीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया।

अभियोजन विभाग को मिलेंगे 25 लाख रुपये, कार्यालयों का होगा आधुनिकीकरण

मुख्यमंत्री धामी ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अभियोजन विभाग को 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस धनराशि का उपयोग अभियोजन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए कानूनों का प्रशिक्षण देने तथा आमजन को इनके प्रति जागरूक करने में किया जाएगा।

इसके साथ ही अभियोजन कार्यालयों के आधुनिकीकरण के लिए कंप्यूटर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से अभियोजन विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश की आपराधिक न्याय व्यवस्था अधिक आधुनिक, प्रभावी एवं सुदृढ़ बनेगी।

12 विभूतियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा और अभियोजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एस.सी. बिरमानी और गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना और डॉ. महेश कुड़ियाल, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् ललित जोशी तथा सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट और सुन्दर सिंह गुसाईं शामिल रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ एवं ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन भी किया। साथ ही उन्होंने विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उपस्थित लोगों को संविधान की शपथ दिलाई।

न्याय व्यवस्था का आधार सत्य, न्याय और निष्पक्षता

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सत्य और न्याय को सदैव सर्वोच्च स्थान दिया गया है। महाभारत में वर्णित विदुर नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी व्यवस्था की प्रतिष्ठा तभी बनी रहती है, जब उसके केंद्र में सत्य, न्याय और निष्पक्षता हो। यही सिद्धांत देश की न्याय व्यवस्था का भी आधार हैं।

उन्होंने अभियोजन सेवा को आपराधिक न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि विवेचना अधिकारियों द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों का विधिक परीक्षण करना, तथ्यों और प्रमाणों को न्यायालय के समक्ष स्पष्ट एवं निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए अभियोजन पक्ष को मजबूती से रखना अभियोजन अधिकारियों की प्रमुख जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियोजन अधिकारियों की विधिक दक्षता, ईमानदारी और निष्पक्षता से न्याय व्यवस्था के प्रति आम नागरिकों का विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने पारदर्शिता एवं निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने वाले अभियोजन अधिकारियों की सराहना भी की।

नए आपराधिक कानूनों से न्याय व्यवस्था को मिलेगी नई दिशा

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने दो वर्ष, 11 माह और 18 दिन के अथक प्रयासों के बाद भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। यह दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में विशेष महत्व रखता है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1979 में विधिवेत्ता डॉ. लक्ष्मीमल्ल सिंघवी और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की पहल पर 26 नवंबर को विधि दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। इसके बाद वर्ष 2015 में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती के अवसर पर केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आपराधिक न्याय व्यवस्था को आधुनिक, सरल और नागरिक केंद्रित बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। औपनिवेशिक काल के पुराने आपराधिक कानूनों के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए हैं। ये कानून स्वतंत्रता के बाद आपराधिक न्याय व्यवस्था में किए गए महत्वपूर्ण सुधारों में शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि नए कानूनों में पीड़ितों के अधिकारों, आधुनिक तकनीक के उपयोग और समयबद्ध न्याय पर विशेष ध्यान दिया गया है। इनके प्रभावी क्रियान्वयन में अभियोजन अधिकारियों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।

डिजिटल न्यायालयों और ई-फाइलिंग सुविधाओं का हो रहा विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की न्याय व्यवस्था को आधुनिक और सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में नए न्यायालय भवनों का निर्माण करने के साथ पुराने भवनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों और वर्चुअल सुनवाई जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए न्याय तक पहुंच आसान हो सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा अधिवक्ताओं के कौशल विकास, विधि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और महिला अधिवक्ताओं के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में कानून का राज स्थापित रखना और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी ढंग से लागू करना राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अभियोजन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी इस दिशा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

कार्यक्रम में विधायक विनोद चमोली, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, सचिव गृह शैलेश बगौली, निदेशक अभियोजन ए.पी. अंशुमान सहित अभियोजन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.