महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: सीएम धामी
कालाढूंगी में नारी शक्ति सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने 22 महिलाओं को किया सम्मानित, क्षेत्र के विकास के लिए कीं छह बड़ी घोषणाएं
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 15 Nov, 2026 06:03 PMकालाढूंगी (नैनीताल), 15 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं को समान अवसर, सुरक्षित वातावरण और आत्मनिर्भर बनने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तो परिवार, समाज और राष्ट्र भी सशक्त बनता है।
मुख्यमंत्री रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने खेल, शिक्षा, कृषि, स्वरोजगार सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन महिलाओं की उपलब्धियां न केवल उत्तराखंड, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह समारोह महिलाओं के साहस, संघर्ष, परिश्रम और असाधारण योगदान को सम्मान देने का अवसर है।
कालाढूंगी के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर 200 विद्युत पोलों की स्थापना, ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण तथा कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम का निर्माण शामिल है।
इसके अतिरिक्त गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण, कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण और पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन घोषणाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही स्वास्थ्य, खेल और सड़क सुविधाओं में सुधार के साथ स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
पहाड़ की मातृशक्ति का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा : धामी
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की महिलाओं के संघर्ष और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति ने विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद परिवार, खेती, पशुपालन और सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अपने बचपन के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी माता को सीमित संसाधनों और अनेक कठिनाइयों के बीच परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए देखा है। उनकी माता का संघर्ष, अनुशासन और परिश्रम हमेशा उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ की मातृशक्ति का मनोबल हिमालय से भी ऊंचा और मजबूत है।
भारतीय संस्कृति में नारी के सम्मान को सर्वोच्च स्थान दिए जाने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ की भावना हमारी सांस्कृतिक पहचान है। नारी का वास्तविक सम्मान तभी संभव है, जब उसे समान अवसर मिलें, उसके निर्णयों को महत्व दिया जाए और वह आत्मनिर्भर होकर अपने सपनों को साकार कर सके।
महिला सशक्तिकरण के लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में व्यापक सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। वहीं, नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिला नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं, जो स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ से जुड़ीं 5,500 महिलाएं
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड के स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए शुरू किए गए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस ब्रांड से लगभग 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं और इसके माध्यम से अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है और महिलाओं के लिए आजीविका के नए रास्ते खुल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि नंदा गौरा योजना के तहत पात्र बालिकाओं के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसके साथ ही महिला सुरक्षा और समान अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है।
मातृशक्ति के सहयोग से बनेगा सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि मातृशक्ति के सहयोग और आशीर्वाद से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प अवश्य साकार होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य एवं दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, महापौर गजराज बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


No Previous Comments found.