प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है गोवर्धन पूजा : मुख्यमंत्री धामी
गोवर्धन पूजा पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में की गौ माता की पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 10 Nov, 2026 11:42 AMदेहरादून, 10 नवंबर 2026। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान के साथ गौ माता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौ माता को तिलक लगाया और पुष्पमाला पहनाकर पूजा की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना भी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व प्रकृति, पशुधन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी आस्था, श्रद्धा और कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है और गौ संरक्षण एवं संवर्धन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए जीवन जीने तथा सभी जीवों के प्रति करुणा, दया और संवेदनशीलता रखने की प्रेरणा देता है। यह पर्व मानव जीवन और प्रकृति के बीच गहरे संबंध को भी रेखांकित करता है।
उन्होंने कहा कि गौ सेवा एवं संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रकृति के संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता के भाव को अपने जीवन में अपनाकर ही हम आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।


No Previous Comments found.