श्रीकृष्ण का कर्मयोग संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक: मुख्यमंत्री धामी
पुलिस लाइन देहरादून में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, CM धामी ने कलाकारों का बढ़ाया उत्साह
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 4 Sep, 2026 10:27 PMदेहरादून। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग कर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित जन्माष्टमी समारोह श्रद्धा, भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं शिक्षाओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समारोह में मौजूद लोगों का मन मोह लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें सम्मानित भी किया। उन्होंने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं और धार्मिक विरासत समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके उपदेशों को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म, कर्तव्य, कर्म और लोककल्याण की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया कर्मयोग का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज और प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने भी प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, अन्य जनप्रतिनिधि, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य प्रशासनिक कार्मिक उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #Janmashtami #Dehradun #KrishnaJanmashtami #UttarakhandNews #DehradunNews



No Previous Comments found.