जौनसार-बावर की संस्कृति उत्तराखंड की मूल आत्मा का प्रतीक: मुख्यमंत्री धामी
नागथात में जौनसार बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह में की कई विकास योजनाओं की घोषणा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 8 Jun, 2026 06:04 PMदेहरादून/चकराता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून जनपद के नागथात स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी केदार सिंह स्टेडियम में आयोजित जौनसार बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय केदार सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जौनसार-बावर क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने समरजेंस मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण, प्राथमिक विद्यालय नागथात को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने, यमुना नदी पर 60 मीटर स्पैन पुल निर्माण, विभिन्न मोटर मार्गों के निर्माण एवं विस्तार, पेयजल योजना तथा क्षेत्रीय संपर्क मार्गों के विकास संबंधी योजनाओं की घोषणा की।
संस्कृति संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा महोत्सव
मुख्यमंत्री ने महासू देवता को नमन करते हुए कहा कि जौनसार बावर सांस्कृतिक पुनरुत्थान समिति पिछले 33 वर्षों से इस महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जौनसार-बावर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, मेहनतकश और स्वाभिमानी जनता तथा विशिष्ट लोक संस्कृति के लिए जाना जाता है।
उन्होंने कहा कि जौनसार-बावर की संस्कृति, परंपराएं, आत्मीयता और प्रकृति के प्रति सम्मान उत्तराखंड की समृद्ध विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। यहां के रासो, हारूल और बौंद जैसी लोक परंपराएं न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं।
जनजातीय समाज के विकास के लिए अनेक योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, शिक्षा और समग्र विकास के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, वन धन योजना और प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन जैसी योजनाएं जनजातीय समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने उत्तराखंड जनजातीय महोत्सव के माध्यम से जनजातीय संस्कृति और विरासत को मंच प्रदान किया है। साथ ही प्रतिवर्ष जनजातीय खेल महोत्सव आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत प्रदेश के 128 जनजातीय गांवों का चयन किया गया है, जहां सड़क, बिजली, पानी और इंटरनेट जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने बताया कि कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जबकि बाजपुर और चकराता में नए विद्यालयों का निर्माण कार्य जारी है। जनजातीय विद्यार्थियों को प्राथमिक स्तर से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है तथा प्रदेश में 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय भी संचालित हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय की बेटियों के विवाह हेतु 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही जनजातीय शोध संस्थान के लिए एक करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड भी स्थापित किया गया है।
जौनसार-बावर में तेजी से बढ़ रहा बुनियादी ढांचा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौनसार-बावर क्षेत्र में सड़क, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। चकराता क्षेत्र के विकास हेतु लगभग 39 करोड़ रुपये की 56 योजनाओं को स्वीकृति दी गई थी, जिनमें से 51 पूरी हो चुकी हैं, जबकि शेष योजनाओं पर कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-707 और 707ए का चौड़ीकरण युद्धस्तर पर जारी है। कालसी-चकराता मार्ग पर जजरेड क्षेत्र में भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यू चकराता टाउनशिप हय्यो डांडा पंपिंग योजना पर लगभग 229 करोड़ रुपये की लागत से कार्य चल रहा है, जिससे भविष्य में क्षेत्र में पेयजल की समस्या नहीं रहेगी। इसके अलावा महासू देवता मंदिर परिसर के विकास के लिए 120 करोड़ रुपये की लागत वाले मास्टर प्लान पर भी कार्य प्रगति पर है।
कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, गीता राम गौड़, मेला समिति के अध्यक्ष नरेश चौहान, महासचिव नरेंद्र तोमर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



No Previous Comments found.