अंत्योदय के लिए सरकार पूरी तरह समर्पित, हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचेगी पेंशन: मुख्यमंत्री
वन क्लिक से 7.56 लाख पेंशनर्स को 111.82 करोड़ रुपये जारी, कई श्रेणियों के लाभार्थियों को मिला फायदा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 6 May, 2026 06:24 PMदेहरादून:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करते हुए आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पेंशन योजनाओं का लाभ पहुंचे।
सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत वन क्लिक के माध्यम से अप्रैल माह की पेंशन जारी की। इस दौरान राज्य पोषित योजनाओं के 7,56,682 पेंशनर्स के खातों में कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई।
इन श्रेणियों के लाभार्थियों को मिला फायदा
जारी की गई पेंशन में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन शामिल हैं।
हर वर्ष जुड़ रहे हजारों नए लाभार्थी
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा लगातार बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रक्रिया को और तेज किया जाए।
60 वर्ष से पहले ही पूरी हों औपचारिकताएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले लोगों का सर्वे कर उनकी पात्रता सुनिश्चित की जाए और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पहले ही पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूरी होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके।
पारदर्शिता और नवाचार पर जोर
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाए और वार्षिक आय मानकों को व्यावहारिक बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। साथ ही विभाग को नवाचार अपनाने और अन्य विभागों के साथ बेहतर प्रथाओं को साझा करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने कॉल सेंटर के माध्यम से पेंशनर्स, विशेषकर बुजुर्गों से नियमित संवाद बनाए रखने की बात भी कही।
इस अवसर पर विभागीय मंत्री खजान दास ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है और हर जरूरतमंद तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, समाज कल्याण निदेशक डॉ. संदीप तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.