उत्तराखंड : बैसाखी पर सीएम धामी से मिला सिख प्रतिनिधिमंडल, हेमकुंड रोपवे पर जताया आभार

दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर, हेमकुंड साहिब रोपवे और सिख समाज से जुड़े फैसलों पर सरकार की सराहना

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 14 Apr, 2026 09:45 PM
उत्तराखंड : बैसाखी पर सीएम धामी से मिला सिख प्रतिनिधिमंडल, हेमकुंड रोपवे पर जताया आभार

देहरादून। बैसाखी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सिख समुदाय के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया और बैसाखी पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान श्रद्धा, सौहार्द और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।


प्रतिनिधिमंडल में हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, उत्तराखंड किसान आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी, जनसंख्या नियंत्रण समिति के अध्यक्ष दिनेश मंसेरा, विधायक सुरेश गड़िया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सिख समुदाय के सम्मान, कल्याण और धार्मिक आस्था के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब के लिए प्रस्तावित रोपवे परियोजना श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी। इससे कठिन पर्वतीय यात्रा सरल, सुरक्षित और सुगम बनेगी, जिसका लाभ बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को मिलेगा।


उन्होंने “वीर बाल दिवस” के आयोजन को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि इससे गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिली है। साथ ही गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिए जाने की भी प्रशंसा की।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए सभी को बैसाखी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बैसाखी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि कृषि समृद्धि, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि नानकमत्ता साहिब की पावन भूमि और गुरबाणी का उनके जीवन में विशेष स्थान रहा है। गुरबाणी के संदेशों ने उन्हें सत्य, सेवा और समर्पण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी है।


उन्होंने कहा कि सिख समाज ने राष्ट्र निर्माण, स्वतंत्रता संग्राम, सीमाओं की रक्षा और समाज सेवा के हर क्षेत्र में प्रेरणादायक योगदान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समुदाय के सम्मान और सुविधा के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि “तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा” प्रधानमंत्री का यह संकल्प अब धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है। राज्य में सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, पर्यटन, तीर्थाटन और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है।


उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर उत्तराखंड के विकास के लिए ऐतिहासिक परियोजना है। इससे दिल्ली से देहरादून की यात्रा का समय कम होगा और पर्यटन, व्यापार व निवेश को नई गति मिलेगी। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना आधुनिक तकनीक और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप विकसित की जा रही है। इससे यात्रा समय कम होगा और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।


उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सिख श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर सड़क, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आवास और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने पुनः बैसाखी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमें एकता, परिश्रम और सेवा की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ेगा।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2