झनकईया मेले को मिलेगी नई पहचान, दो स्थानों पर बनेंगे स्नान घाट: सीएम धामी

भारत-नेपाल की साझा संस्कृति और लोक परंपराओं का प्रतीक है ऐतिहासिक झनकईया मेला, शारदा कॉरिडोर के तहत धार्मिक पर्यटन सुविधाओं का होगा विस्तार

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 24 Nov, 2026 01:03 PM
झनकईया मेले को मिलेगी नई पहचान, दो स्थानों पर बनेंगे स्नान घाट: सीएम धामी

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर खटीमा में आयोजित ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया तथा काला पुल के समीप नवनिर्मित पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा एवं श्री गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झनकईया मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का अनूठा संगम है। लंबे समय से आयोजित हो रहा यह ऐतिहासिक मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी भी पूरे उत्साह के साथ इन परंपराओं को आगे बढ़ा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा के समीप आयोजित होने वाला झनकईया मेला दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों और आपसी सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध हैं तथा दोनों देशों की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराएं एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई हैं।

उन्होंने कहा कि इस मेले में सीमांत क्षेत्रों के साथ ही उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की सहभागिता, पारंपरिक लोकगीत, लोकनृत्य और रीति-रिवाज मेले को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। इसके साथ ही मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन का अवसर देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास से होती है। राज्य सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ पारंपरिक मेलों, महोत्सवों और सांस्कृतिक आयोजनों को भी निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। इसी क्रम में हाल ही में खटीमा में आदि गौरव महोत्सव और देहरादून में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया।

सीमांत और जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार तक शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर आधारभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। अटल आवास योजना के अंतर्गत आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और आवास निर्माण के लिए सहायता राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना और पीएम-जनमन के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई चर्चा के क्रम में उत्तराखंड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जनजातीय एवं सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और छात्रावासों जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।

13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमणमुक्त

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने सहित कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के अभियान के तहत 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि अतिक्रमणमुक्त कराई गई है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर दिए जा रहे हैं और समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

शारदा कॉरिडोर से बढ़ेंगी श्रद्धालुओं की सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने मेले के विस्तार और श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग, नगर पालिका खटीमा और जिला पंचायत को आपसी समन्वय से स्नान घाटों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का विकास किया जाएगा तथा प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेला परिसर में स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी विनोद कुमार एवं निर्मला बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #JhanakaiyaMela #Khatima #ShardaCorridor #UttarakhandNews #कार्तिकपूर्णिमा #झनकईयामेला


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.