आदर्श चम्पावत का विकास, आदर्श उत्तराखण्ड के निर्माण का बनेगा आधार : मुख्यमंत्री धामी
चम्पावत को ₹165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया 21 का लोकार्पण और 33 का शिलान्यास
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 23 Nov, 2026 07:38 PMचम्पावत, 23 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत जनपद के विकास को नई गति देते हुए ₹165.68 करोड़ की लागत वाली 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 21 योजनाओं का लोकार्पण तथा 33 योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं के माध्यम से जनपद में सड़क, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और नागरिक सुविधाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत की पावन धरती पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि आदर्श चम्पावत के संकल्प, प्रतिबद्धता और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ जनपद के प्रत्येक गांव, सीमांत क्षेत्र और दूरस्थ इलाके तक पहुंचे।
टनकपुर-बनबसा में जलभराव से मिलेगी स्थायी राहत
मुख्यमंत्री ने टनकपुर और बनबसा में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ₹86.83 करोड़ की लागत से स्वीकृत जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक तथा बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों और जल निकासी व्यवस्था का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान दोनों क्षेत्रों में होने वाले जलभराव से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि टनकपुर और बनबसा उत्तराखण्ड तथा नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
पूर्णागिरि धाम में रोपवे, टनकपुर में आधुनिक बस अड्डे का निर्माण
मुख्यमंत्री ने बताया कि टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण कार्य गतिमान है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत शारदा घाट के पुनर्विकास और सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में ₹107.35 करोड़ की परियोजना पर काम किया जा रहा है। इस कॉरिडोर की समग्र परियोजना की लागत ₹3,000 करोड़ से अधिक है।
उन्होंने कहा कि माँ पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग ₹45 करोड़ की लागत से रोपवे निर्माण कार्य प्रगति पर है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए ₹48.38 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा बनबसा में भारत सरकार की लगभग ₹502 करोड़ की लागत वाली लैंड पोर्ट परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, स्वास्थ्य और शिक्षा को भी मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत के पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोहाघाट में ₹256.97 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
इसी क्रम में लगभग ₹55.53 करोड़ की लागत से विज्ञान केंद्र (साइंस सेंटर) की स्थापना की जा रही है। वहीं, लगभग ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों में भी मैदानी क्षेत्रों के समान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने की परिकल्पना केवल एक जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदर्श उत्तराखण्ड के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सरकारी योजनाओं से आत्मनिर्भर बने पांच लाभार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। इनमें ग्राम बस्टिया, टनकपुर के त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, ग्राम गुदमी, बनबसा की लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना, ग्राम उचोलीगोठ की पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम बिचई के रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) तथा ग्राम गुदमी के आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना और उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इन लाभार्थियों की सफलता अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब योजनाओं का लाभ आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए। सरकार आदर्श चम्पावत के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए सुनियोजित तरीके से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, विभिन्न दर्जा राज्य मंत्री, जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


No Previous Comments found.