वाल्मीकि जयंती पर सीएम धामी का संदेश, आदर्शों को जीवन में उतारने की अपील
महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं सत्य, प्रेम, कर्तव्य और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाती हैं : मुख्यमंत्री
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 25 Oct, 2026 08:39 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वाल्मीकि जयंती की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों और शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज को सत्य, प्रेम, कर्तव्य और मानवीय मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने आदिकाव्य रामायण की रचना कर समाज के समक्ष आदर्श जीवन, नैतिक मूल्यों और मानवीय मर्यादाओं का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी रचनाएं व्यक्ति को कर्तव्यनिष्ठा, सदाचार और जीवन में उच्च आदर्शों के पालन की प्रेरणा देती हैं।
सीएम धामी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने सामाजिक समरसता, समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं वर्तमान समय में भी प्रासंगिक हैं और एक समतामूलक समाज के निर्माण में मार्गदर्शन प्रदान करती हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से महर्षि वाल्मीकि के महान विचारों और आदर्शों को अपने आचरण में उतारने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलना ही महर्षि वाल्मीकि के प्रति सच्ची श्रद्धा और सम्मान की अभिव्यक्ति है।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता



No Previous Comments found.