नशे में नहीं, खेल और राष्ट्र निर्माण में लगाएं युवाओं की ऊर्जा : धामी

पंचकूला में नमो क्रिकेट लीग में मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ खेला क्रिकेट, युवाओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 2 Oct, 2026 07:05 PM
नशे में नहीं, खेल और राष्ट्र निर्माण में लगाएं युवाओं की ऊर्जा : धामी

पंचकूला, 2 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित ‘नमो क्रिकेट लीग’ में प्रतिभाग कर युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ स्वयं क्रिकेट खेला और मैदान पर उतरकर युवाओं को खेल तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री को अपने बीच क्रिकेट खेलते देख खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

नमो क्रिकेट लीग में देश के विभिन्न हिस्सों से 30 से अधिक टीमों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी प्रतिभा और उत्साह की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खेल के मैदान में उतरने का अपना अलग आनंद है। खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हुई। उन्होंने कहा कि खेल हमें सिखाता है कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए टीम भावना, अनुशासन, निरंतर प्रयास और समर्पण के साथ आगे बढ़ना जरूरी है।

‘क्रिकेट को हां, नशे को ना’ का दिलाया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने साथियों और समाज के अन्य युवाओं को भी नशे से बचाने के लिए प्रेरित किया।

धामी ने कहा कि ‘क्रिकेट को हां और नशे को ना’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन की ओर ले जाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि यदि जीवन में कोई लत लगानी ही है तो खेल और फिटनेस की लत लगाएं तथा यदि कोई जुनून पालना है तो अपने सपनों और लक्ष्यों को हासिल करने का जुनून पालें।

उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा नशे में नहीं, बल्कि खेल, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए।

खेल से विकसित होती है टीम भावना और नेतृत्व क्षमता

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व, धैर्य और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम भी हैं। खेल के मैदान में खिलाड़ी जीत से विनम्रता और हार से सीख लेकर आगे बढ़ना सीखता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान और सम्मान मिला है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों ने युवाओं को खेलों और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज देश के गांवों और छोटे शहरों से निकलने वाली खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रही हैं।

हरियाणा की खेल प्रतिभाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरियाणा की धरती खेल प्रतिभाओं के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध है। राज्य के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे वर्षों का परिश्रम, अनुशासन, संघर्ष और लक्ष्य के प्रति समर्पण होता है।

उन्होंने खेलों को लेकर बदलती सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय कहा जाता था कि ‘पढ़ोगे-लिखोगे तो बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब’, लेकिन आज इस सोच में बड़ा बदलाव आया है। अब खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और मंच मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज यह कहा जा सकता है कि ‘खेलोगे-कूदोगे तो बनोगे लाजवाब।’

‘एक युवा बचेगा तो एक परिवार बचेगा’

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी इसका व्यापक प्रभाव पड़ता है। इसके विपरीत खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा, अनुशासन और नई पहचान देते हैं।

उन्होंने कहा, “एक युवा नशे से बचेगा तो एक परिवार बचेगा, एक परिवार बचेगा तो समाज मजबूत होगा और मजबूत समाज से ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण होगा।”

मुख्यमंत्री ने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों और युवाओं ने सामूहिक रूप से ‘नशे को ना, खेल को हां’ का संकल्प लिया।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#PushkarSinghDhami #NamoCricketLeague #Panchkula #Cricket #DrugFreeIndia #Uttarakhand #Sports #Youth


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad