उत्तराखंड न्यूज़ : रामपुर तिराहा के अमर बलिदानियों को मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रद्धांजलि

शहीद राज्य आंदोलनकारियों की प्रतिमाएं पैतृक गांव या निवास क्षेत्र में होंगी स्थापित, रामपुर तिराहा राज्य अतिथि गृह के उच्चीकरण की घोषणा

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 2 Oct, 2026 03:00 PM
उत्तराखंड न्यूज़ : रामपुर तिराहा के अमर बलिदानियों को मुख्यमंत्री धामी ने दी श्रद्धांजलि

मुजफ्फरनगर, 2 अक्टूबर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुजफ्फरनगर स्थित रामपुर तिराहा शहीद स्थल पहुंचकर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर राज्य निर्माण आंदोलन में बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को नमन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य आंदोलन में शहीद हुए जिन आंदोलनकारियों की प्रतिमाएं अभी तक स्थापित नहीं हो सकी हैं, उनकी प्रतिमाएं उनके पैतृक गांव अथवा निवास क्षेत्र में उपयुक्त स्थान पर स्थापित की जाएंगी। उन्होंने रामपुर तिराहा स्थित राज्य अतिथि गृह के उच्चीकरण, शहीद स्मारक परिसर की पुस्तकालय को ई-लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने और संग्रहालय के विस्तार की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री के अनुसार संग्रहालय में उत्तराखंड के पारंपरिक वाद्य यंत्रों, वेशभूषा और लोक संस्कृति से संबंधित सामग्री को भी स्थान दिया जाएगा। उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के पुनः चिन्हीकरण की प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा करने की बात कही।

27 लाख रुपये से स्थापित होंगी शहीदों की प्रतिमाएं

मुख्यमंत्री ने रामपुर तिराहा कांड में शहीद हुए राज्य आंदोलनकारियों की प्रतिमाओं की स्थापना के कार्य का शिलान्यास भी किया। उन्होंने बताया कि रामपुर तिराहा में शहीदों की मूर्ति स्थापना के लिए 27 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त की गई है।

उन्होंने शहीद स्मारक के लिए भूमि दान करने वाले स्वर्गीय पंडित महावीर शर्मा के योगदान को भी स्मरण किया और कहा कि स्मारक परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है।

1 और 2 अक्टूबर 1994 की घटना को बताया आंदोलन का पीड़ादायक अध्याय

मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 और 2 अक्टूबर 1994 की रात रामपुर तिराहा में दिल्ली जा रहे राज्य आंदोलनकारियों के साथ हुई घटना उत्तराखंड राज्य आंदोलन के इतिहास का अत्यंत पीड़ादायक अध्याय है। उन्होंने कहा कि पृथक उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर आंदोलनकारियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया और खटीमा, मसूरी, रामपुर तिराहा तथा श्रीनगर के श्री यंत्र टापू समेत विभिन्न स्थानों पर आंदोलनकारियों ने बलिदान दिया।

धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों के सम्मान एवं हितों के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि चिन्हित राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को राज्याधीन सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान लागू है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के आश्रित प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल बनाते हुए इन्हें तहसील स्तर पर जारी करने के आदेश दिए गए हैं। आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के गठन का भी उल्लेख किया।

शहीद स्थलों के पुनर्निर्माण और विस्तारीकरण की प्रक्रिया शुरू

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य पर्वों और विभिन्न जनपदीय एवं प्रदेश स्तरीय कार्यक्रमों में राज्य आंदोलनकारियों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जा रहा है। परिवहन निगम की बसों में उन्हें निशुल्क आवागमन की सुविधा भी दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य की सड़कों और विद्यालयों का नाम शहीद राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर रखने के संबंध में आदेश जारी किए जा चुके हैं। रामपुर तिराहा, खटीमा, देहरादून और मसूरी स्थित शहीद स्थलों के पुनर्निर्माण एवं विस्तारीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले उत्तराखंड के वीर सैनिकों की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए उनके पैतृक गांवों में प्रतिमाएं स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। इसी भावना के अनुरूप राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों की स्मृतियों को भी संरक्षित किया जाएगा।

आंदोलन में मातृशक्ति की भूमिका को किया याद

मुख्यमंत्री ने रामपुर तिराहा कांड के दौरान आंदोलनकारियों की सहायता करने वाले स्थानीय लोगों के योगदान को भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में स्थानीय लोगों ने आंदोलनकारियों को सहयोग और शरण दी, जिसे उत्तराखंड की जनता सदैव याद रखेगी।

उन्होंने कहा कि पृथक उत्तराखंड राज्य के आंदोलन में मातृशक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण रही। माताओं और बहनों ने अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए राज्य आंदोलन को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने में योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने ऐसे उत्तराखंड का सपना देखा था, जहां नागरिकों के अधिकारों का सम्मान हो, युवाओं को अवसर मिलें तथा राज्य की संस्कृति और परंपराएं सुरक्षित रहें। उन्होंने कहा कि शहीदों और आंदोलनकारियों के संघर्ष एवं बलिदान से प्रेरणा लेते हुए राज्य को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मुजफ्फरनगर डॉ. सुधीर सैनी, उत्तराखंड संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल, संस्कृति सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#RamPurTiraha #UttarakhandAndolan #PushkarSinghDhami #Uttarakhand #Muzaffarnagar #StateMovement #UttarakhandMovement


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad