उत्तराखंड : दिव्यांग बच्चों के बीच मुख्यमंत्री धामी ने मनाया जन्मदिन, बच्चों संग काटा केक
बोले मुख्यमंत्री—बच्चों के बीच बिताया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 16 Sep, 2026 01:41 PMदेहरादून, 16 सितंबर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचकर अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके बीच काफी समय बिताया।
मुख्यमंत्री धामी ने बच्चों से आत्मीयता के साथ संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। इस दौरान संस्थान का वातावरण स्नेह, अपनत्व और खुशी से भरा रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं। जरूरत इस बात की है कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिले।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों का सशक्तिकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए अनुकूल वातावरण मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बच्चों को दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी उनके जन्मदिन का सबसे विशेष और यादगार उपहार है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और संस्थान के शिक्षक मौजूद रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#PushkarSinghDhami #Uttarakhand #Dehradun #Birthday #DivyangChildren #Yugvarta



No Previous Comments found.