भारत दर्शन से विद्यार्थियों को देश की विविधता और विकास समझने का अवसर: सीएम धामी
देवप्रयाग के 68 मेधावी विद्यार्थी 16 सितंबर को भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर होंगे रवाना, मुख्यमंत्री ने संवाद कर दी शुभकामनाएं
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 13 Sep, 2026 11:01 PMदेवप्रयाग/कीर्तिनगर, 13 सितंबर 2026। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश की विविधता, इतिहास, संस्कृति, विज्ञान, तकनीक और विकास को करीब से समझने का अवसर प्रदान करता है। ऐसे अनुभव विद्यार्थियों के ज्ञान को कक्षा की सीमाओं से बाहर ले जाकर उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री रविवार को कीर्तिनगर विकासखंड स्थित स्वामी मनमथन प्रेक्षागृह में देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के 10वें संस्करण के तहत यात्रा पर जाने वाले 68 मेधावी विद्यार्थियों के दल से संवाद कर रहे थे। विद्यार्थियों का दल 16 सितंबर को भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण पर रवाना होगा।
मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों से उनकी यात्रा और तैयारियों के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान विद्यार्थी देश के विभिन्न क्षेत्रों की विशेषताओं को समझें, वहां की उपलब्धियों से सीखें और अपने अनुभवों को अपने साथियों के साथ साझा करें।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को देश के बड़े और प्रतिष्ठित संस्थानों का भ्रमण करने का अवसर मिलना उनके भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने तथा गुरुजनों और माता-पिता के प्रति सम्मान बनाए रखने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास बनाने वाले लोगों ने सामान्य से असामान्य बनने के लिए निरंतर प्रयास किया है। यदि संकल्प दृढ़ हो और प्रयास सच्चे मन से किया जाए तो कोई भी ताकत सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकती।
विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है। इसी दिशा में उत्तराखंड को विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला पहला राज्य बना है। इसके साथ ही प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून भी लागू किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन रहे हैं।
10 वर्षों से जारी है भारत दर्शन की पहल
मुख्यमंत्री ने भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की पहल के लिए देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार 10 वर्षों तक इस प्रकार के कार्यक्रम का संचालन अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ी है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हो रहे हैं। दूर-दराज क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को देश के विभिन्न हिस्सों और संस्थानों को देखने-समझने का अवसर मिलने से उनके ज्ञान और अनुभव का विस्तार हो रहा है।
देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि विद्यार्थियों का मुख्यमंत्री से सीधे संवाद करना उनके लिए गर्व और ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विकास में मुख्यमंत्री धामी का लगातार सहयोग मिला है।
कंडारी ने बताया कि भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण की शुरुआत में कई कठिनाइयां सामने आईं, लेकिन समय के साथ इस पहल के सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के कारण विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हुई है और बच्चे बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए अधिक मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के कई विद्यार्थी अब 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त कर रहे हैं।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख कीर्तिनगर अंचला खण्डेलवाल, प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्तिनगर राकेश मोहन मैठाणी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#PushkarSinghDhami #Uttarakhand #Devprayag #BharatDarshan #EducationalTour #UttarakhandNews #Yugvarta



No Previous Comments found.