कारगिल विजय दिवस: मुख्यमंत्री धामी ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को दिखाई हरी झंडी
शौर्य स्थल पर शहीदों को श्रद्धांजलि, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 25 Jul, 2026 10:07 AMदेहरादून। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल, चीड़बाग से आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल सहित देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अत्यंत विषम परिस्थितियों में असाधारण वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा की और पूरी दुनिया के सामने भारतीय सेना की ताकत और साहस का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि देश अपने वीर जवानों और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड को ‘वीरों की भूमि’ के रूप में जाना जाता है। राज्य के अनेक सैनिकों ने कारगिल युद्ध समेत विभिन्न सैन्य अभियानों में अपने अदम्य साहस और बलिदान से देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा उनके सम्मान और हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयासरत है।
उन्होंने प्रदेश के युवाओं से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए।
कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता



No Previous Comments found.