श्रमिक कल्याण के लिए धामी सरकार की बड़ी पहल, कई नई योजनाओं का शुभारंभ

मोबाइल मेडिकल वैन को दिखाई हरी झंडी, पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और योग से जुड़ी योजनाएं शुरू

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 23 Jul, 2026 04:32 PM
श्रमिक कल्याण के लिए धामी सरकार की बड़ी पहल, कई नई योजनाओं का शुभारंभ

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत दो मेडिकल मोबाइल वैन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धामी ने कहा कि सरकार द्वारा शुरू की गई नई योजनाएं श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होंगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पोषण योजना के तहत श्रमिक परिवारों को पोषण सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि मुख्यमंत्री शिक्षा सामग्री योजना के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा सामग्री प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरित होकर मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम भी शुरू किया गया है, जिसके तहत श्रमिक परिवारों को हाईजीन किट उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रमिक परिवारों के बच्चों को भविष्य के लिए तैयार करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना शुरू की गई है। इसके अंतर्गत पात्र छात्र-छात्राओं को योग एवं वेलनेस के क्षेत्र में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। हर वर्ष 210 बच्चों को आवासीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 70 युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार से जोड़ने की भी व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य सेवाओं को श्रमिकों तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना के तहत दो मोबाइल मेडिकल वैन को रवाना किया। उन्होंने बताया कि इन वैन के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में श्रमिकों के कार्यस्थल और आवास स्थल पर ही एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही टेली-कंसल्टेशन के जरिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह और तीन महीने तक स्वास्थ्य की नियमित निगरानी भी की जाएगी। इस योजना की शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चंपावत जिलों से की जा रही है, जिसे बाद में पूरे प्रदेश में विस्तार दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए ‘श्रमेव जयते’ के मंत्र को राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों को केवल श्रमशक्ति नहीं बल्कि उत्तराखंड की विकासशक्ति मानती है और उनका जीवन सुरक्षित, स्वस्थ तथा सम्मानजनक बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, महिला श्रमिकों के मातृत्व सहयोग, बेटियों के विवाह, घर निर्माण या खरीद के लिए आर्थिक सहायता, औजार, साइकिल और सिलाई मशीन उपलब्ध कराने जैसी अनेक योजनाएं पहले से संचालित कर रही है। वृद्ध निर्माण श्रमिकों को मासिक पेंशन देकर उन्हें आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने सभी पात्र निर्माण श्रमिकों से अपील की कि वे उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराते रहें, ताकि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ उन्हें निरंतर मिलता रहे।

कार्यक्रम में बोर्ड के सचिव पी.सी. दुम्का ने बोर्ड की गतिविधियों और नई योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, विधायक दुर्गेश्वर लाल, राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत, सतर्कता समिति की अध्यक्ष गीता रावत, उपाध्यक्ष मोहनी पोखरिया, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह, सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी तथा श्रमायुक्त पी.सी. दुम्का सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#PushkarSinghDhami #Uttarakhand #LabourWelfare #ConstructionWorkers #CMDhami #Dehradun #UttarakhandNews #WorkerWelfare #Health #Education #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2