खेलों से बढ़ती है फिटनेस और अनुशासन, आपदा में भी होते हैं जीवनरक्षक साबित : धामी

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 8 Apr, 2026 11:42 AM
खेलों से बढ़ती है फिटनेस और अनुशासन, आपदा में भी होते हैं जीवनरक्षक साबित : धामी

टिहरी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक फिटनेस को मजबूत करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स जैसे खेल आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत और नदी बचाव जैसे कार्यों में भी अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं और कई बार जीवन रक्षक भूमिका निभाते हैं।


मुख्यमंत्री ने बुधवार को वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट, टिहरी गढ़वाल में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देशभर से आए पुलिस बलों के खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत करते हुए इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि पहली बार उत्तराखंड को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है।


मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं और राज्य को साहसिक खेलों तथा पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में सहायक होते हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 19 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें 440 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग की स्पर्धाओं में प्रतिभाग कर रहे हैं।


धामी ने कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूती दी है और युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह पैदा किया है। राज्य सरकार भी खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।


उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर अपनी क्षमता का परिचय दिया है और अब राज्य ‘देवभूमि’ के साथ-साथ ‘खेलभूमि’ के रूप में भी तेजी से उभर रहा है। राज्य में आधुनिक खेल अवसंरचना का तेजी से विकास हो रहा है और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।


मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के आयोजन राज्य के समग्र विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने और खेल प्रतिभाओं के उन्नयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवान, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, एडीजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, आईजी नॉर्दन फ्रंटियर आईटीबीपी मनु महाराज, आईजी सीआरपीएफ दिनेश उनियाल, आईजी आईटीबीपी एकेडमी गिरीश चंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल एवं एसएसपी श्वेता चौबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2