मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर की पूजा-अर्चना

छठ महापर्व पर 22 पुल, खिलड़िया स्थित छठ घाट पहुंचे मुख्यमंत्री, श्रद्धालुओं से की आत्मीय भेंट और दी शुभकामनाएं

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 16 Nov, 2026 11:55 AM
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर की पूजा-अर्चना

खटीमा, 16 नवंबर। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोक आस्था, सूर्य उपासना एवं प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के प्रतीक महापर्व छठ पूजा के अवसर पर आज अपने गृह क्षेत्र खटीमा के ग्राम 22 पुल, खिलड़िया स्थित छठ घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने छठ घाट पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय मुलाकात की तथा उन्हें छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, अटूट आस्था, पवित्र परंपराओं और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, संयम, सेवा, समर्पण और सामूहिक सद्भाव की भावना को आत्मसात करने का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि सूर्य उपासना का यह महापर्व भारतीय संस्कृति की उस गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है, जिसमें प्रकृति के विभिन्न स्वरूपों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। छठ पूजा समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को भी मजबूत करती है।

मुख्यमंत्री ने कामना की कि छठी मैया और भगवान सूर्यदेव की कृपा से प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख-शांति, खुशहाली और समृद्धि बनी रहे तथा उत्तराखण्ड निरंतर प्रगति और विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.