मुख्यमंत्री आवास में प्रवासी उत्तराखण्डियों का भव्य स्वागत, लोकसंस्कृति और नंदा राजजात की प्रस्तुति ने मोहा मन
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 13 Nov, 2026 10:56 PMदेहरादून। तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से आए प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रवासियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके साथ संवाद किया और प्रदेश की विकास यात्रा में उनके योगदान की सराहना की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान और गौरव हैं। वे देश-दुनिया के जिस भी क्षेत्र में रहते हैं, वहां अपनी मातृभूमि की संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं। प्रवासी समाज और उत्तराखण्ड के बीच भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासियों के अनुभव, प्रतिभा, विशेषज्ञता और सामर्थ्य से उत्तराखण्ड के विकास को नई दिशा मिल सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और आध्यात्मिक चेतना से है। राज्य से बाहर रह रही नई पीढ़ी को अपनी भाषा, बोली, लोकगीतों, लोकनृत्यों और परंपराओं से जोड़ना आवश्यक है। प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी अगली पीढ़ी को जड़ों से जोड़ने के साथ ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रवासी उत्तराखण्डियों की प्रतिभा, अनुभव, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सरकार की अपेक्षा है कि प्रवासी प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदार बनें और अपने ज्ञान एवं अनुभव का लाभ राज्य के युवाओं, उद्यमियों तथा स्थानीय समुदायों तक पहुंचाएं।
मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों से जुड़े रहने और उनके विकास में योगदान देने की अपील करते हुए गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय आजीविका के अवसर बढ़ाने और रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने में सहायक होंगे। राज्य सरकार और प्रवासी समाज के साझा प्रयास उत्तराखण्ड के विकास को नई गति प्रदान कर सकते हैं।
नंदा राजजात की प्रस्तुति ने सांस्कृतिक संध्या को बनाया यादगार
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित रात्रिभोज के साथ उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से देवभूमि की सांस्कृतिक विविधता और विशिष्ट पहचान को जीवंत किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मां नंदा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता और उत्तराखण्ड की अनूठी परंपरा नंदा राजजात पर आधारित भव्य प्रस्तुति रही। इसने उपस्थित प्रवासियों और अतिथियों को भावविभोर कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। नंदा राजजात जैसी परंपराएं केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सामूहिकता और सांस्कृतिक गौरव की भी परिचायक हैं। ऐसे आयोजनों से लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और अपनी जड़ों से जुड़ाव बनाए रखने में मदद मिलती है। राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में शामिल सभी प्रवासी उत्तराखण्डियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वे प्रदेश के साथ अपना आत्मीय संबंध बनाए रखेंगे और विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाते रहेंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


No Previous Comments found.