अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री धामी

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने डीबीटी के माध्यम से अक्टूबर 2026 की पेंशन राशि लाभार्थियों के खातों में की हस्तांतरित, वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन सहित आठ योजनाओं के लाभार्थियों को मिला आर्थिक संबल, दीपावली से पहले खातों में पहुंची धनराशि

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 5 Nov, 2026 04:06 PM
अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 9,99,484 लाभार्थियों के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 की पेंशन राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की। इस दौरान कुल 148 करोड़ 18 लाख 84 हजार 500 रुपये की धनराशि जारी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर काम कर रही है। वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पारदर्शी व्यवस्था के तहत समय पर मिले।


उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। डीबीटी व्यवस्था के माध्यम से पेंशन की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रही है, जिससे भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और अनावश्यक विलंब की संभावना कम हुई है।


वृद्धजनों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक सुरक्षा देना प्राथमिकता


मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार वृद्धजनों के सम्मान, विधवा महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण को विशेष प्राथमिकता दे रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ ही उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने में मदद करती है। सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक पात्र वर्ग को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान उपलब्ध कराना है।


उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था और दिव्यांगता के कारण कई लाभार्थियों को पेंशन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष प्रावधानों के तहत लगभग 7 हजार लाभार्थियों को आधार उपलब्ध न होने की स्थिति में भी पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का भुगतान प्रत्येक माह समय पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को आवेदन, दस्तावेज और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले पेंशन की धनराशि लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं।


वृद्धावस्था पेंशन के 6.24 लाख से अधिक लाभार्थियों को मिले ₹93.69 करोड़


कार्यक्रम में दी गई जानकारी के अनुसार अक्टूबर 2026 के दौरान विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत लाभार्थियों को हस्तांतरित धनराशि का विवरण इस प्रकार है।


● वृद्धावस्था पेंशन: 6,24,616 लाभार्थियों को ₹93.69 करोड़।

● विधवा पेंशन: 2,39,527 लाभार्थियों को ₹35.93 करोड़।

● दिव्यांग पेंशन: 89,971 लाभार्थियों को ₹13.50 करोड़।

● किसान पेंशन: 27,092 लाभार्थियों को भुगतान।

● परित्यक्ता पेंशन: 8,442 लाभार्थियों को भुगतान।

● भरण-पोषण अनुदान: 7,461 लाभार्थियों को भुगतान।

● तीलू रौतेली पेंशन: 2,248 लाभार्थियों को भुगतान।

● बौना पेंशन: 127 लाभार्थियों को भुगतान।


इस प्रकार सभी आठ योजनाओं के अंतर्गत कुल 9,99,484 लाभार्थियों के बैंक खातों में 148.18 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई।


दीपावली से पहले पेंशन भुगतान पर जताया संतोष


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ वास्तविक जरूरतमंद तक समय पर पहुंचे। उन्होंने सभी लाभार्थियों को दीपावली, धनतेरस, भैयादूज और गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।


कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, अपर सचिव विक्रम यादव, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, समाज कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव धीरेन्द्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल तथा सहायक निदेशक हेमलता पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.