स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को दोहराया
प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में करीब दो लाख करोड़ रुपये की विकास योजनाओं पर काम जारी, 34 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियों और 3 लाख से ज्यादा लखपति दीदियों का किया उल्लेख
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 14 Aug, 2026 05:32 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर शहीदों, वीर-वीरांगनाओं और राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने उत्तराखण्ड की जनता का भी आभार जताया और प्रदेश को आदर्श, विकसित, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर राज्य बनाने में सहयोग का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को अपनी सैन्य परंपरा, वीरता और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली विरासत पर गर्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में करीब दो लाख करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं पर काम चल रहा है और उत्तराखण्ड विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
निवेश और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर जोर
धामी ने कहा कि औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 30 से अधिक नई नीतियां लागू की गई हैं। मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना और वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से सीमावर्ती गांवों के विकास को गति दी जा रही है। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य में सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन के साथ सगंध कृषि को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
यूसीसी, सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता लागू करने वाला पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि धर्मांतरण रोकने के लिए बनाए गए कानून को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है और जनभावनाओं के अनुरूप सख्त भू-कानून लागू किया गया है।
उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन से नकल माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है। भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके परिणामस्वरूप पिछले पांच वर्षों में राज्य में सरकारी सेवाओं में करीब 34 हजार से अधिक नियुक्तियां की गई हैं।
शिक्षा और साक्षरता में उपलब्धियों का जिक्र
धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के गहन अध्ययन के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिन्दू स्टडीज की स्थापना की गई है। नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में भी उत्तराखण्ड अग्रणी राज्यों में शामिल है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को हाल ही में पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया है। यह उपलब्धि देश में पूर्ण साक्षरता के लक्ष्य की दिशा में राज्य का महत्वपूर्ण योगदान है।
पर्यटन और चारधाम यात्रा को बताया बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान पर्यटन, वेडिंग डेस्टिनेशन और फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में तेजी से मजबूत हुई है। बेहतर यात्रा प्रबंधन और व्यवस्थाओं के परिणामस्वरूप इस वर्ष अब तक 47 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान भी बड़ी संख्या में शिवभक्त उत्तराखण्ड पहुंचे और करीब पांच करोड़ श्रद्धालु पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने गंतव्य लौटे। कैलाश मानसरोवर यात्रा के संचालन के साथ ही राज्य में शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस
धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के साथ सहकारी समितियों में भी 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना और लखपति दीदी योजना समेत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है और प्रदेश में अब तक तीन लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है।
अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश का कोई भी क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे, यह राज्य सरकार का संकल्प है। जनसेवा, सुशासन, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और अंत्योदय के मूलमंत्र के साथ सरकार उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों से उत्तराखण्ड को आदर्श, विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता



No Previous Comments found.