हरिद्वार से शुरू हुआ ‘बीज संजीवनी अभियान’, सीएम धामी ने फलों के बीज रोपकर किया शुभारंभ
आम, जामुन, कटहल, नीम और बेल के बीज रोपित कर प्रदेशवासियों से जनभागीदारी की अपील, पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा नया बल
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 21 Jul, 2026 11:09 PMहरिद्वार, 21 जुलाई। आम महोत्सव कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ‘बीज संजीवनी अभियान’ का शुभारंभ किया। अभियान की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने आम, जामुन, कटहल, नीम और बेल के बीज रोपित किए तथा प्रदेशवासियों से फलों के बीजों को फेंकने के बजाय सुरक्षित स्थानों पर रोपित कर हरित उत्तराखण्ड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि लोग फल खाने के बाद उनके बीजों को नष्ट करने के बजाय उपयुक्त स्थानों पर रोपित करें, तो प्राकृतिक रूप से अधिक संख्या में वृक्ष विकसित किए जा सकते हैं। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जैव विविधता को भी मजबूती मिलेगी।
धामी ने कहा कि बीज संजीवनी अभियान की शुरुआत हरिद्वार से की गई है और इसे आगे चलकर पूरे उत्तराखण्ड में जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से अधिकाधिक पौधों का प्राकृतिक विकास होगा, जिससे हरित हरिद्वार अभियान को नई गति मिलेगी और प्रदेश में हरित क्षेत्र बढ़ाने के प्रयासों को बल मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित करना भी है। इससे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने प्रदेश के युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में बीज रोपित कर इस अभियान को जनभागीदारी का सफल उदाहरण बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि लोगों के सहयोग से बीज संजीवनी अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी जनआंदोलन के रूप में स्थापित होगा।
— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#PushkarSinghDhami #BeejSanjeevaniAbhiyan #Haridwar #Uttarakhand #Environment #GreenUttarakhand #Plantation #NatureConservation #Yugvarta



No Previous Comments found.