पवाणी अग्निकांड पीड़ितों को अकेला नहीं छोड़ेगी सरकार, हर परिवार को फिर से खड़ा करना हमारा संकल्प: मुख्यमंत्री धामी
पवाणी अग्निकांड पीड़ितों को ₹5-5 लाख की सहायता, छह माह के राशन और सुरक्षित आवास की व्यवस्था करेगी धामी सरकार, उत्तरकाशी के अग्निकांड प्रभावित गांव पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हर परिवार से व्यक्तिगत रूप से मिलकर सुना दर्द; बच्चों की पढ़ाई बाधित न होने और पुनर्वास के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 26 Nov, 2026 07:58 PMउत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद की मोरी तहसील के पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अग्निकांड प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द साझा किया और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। साथ ही अधिकारियों को तत्काल राहत, सुरक्षित आवास, खाद्यान्न और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित ग्रामीणों के बीच बैठकर एक-एक परिवार की समस्याएं सुनीं और उनकी जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी मजबूती से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। किसी भी परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उन्हें दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौटाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रत्येक प्रभावित परिवार को मिलेगी पांच लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री ने अग्निकांड में प्रभावित प्रत्येक परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा करते हुए अधिकारियों को नुकसान का विस्तृत और वास्तविक आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उनकी जरूरतों के अनुसार सभी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की पहली प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनके पुनर्वास की समुचित व्यवस्था करना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
सर्दी और बर्फबारी से पहले सुरक्षित आवास की व्यवस्था
क्षेत्र में सर्दी और संभावित बर्फबारी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल सुरक्षित एवं समुचित आवास की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी परिवार को प्रतिकूल मौसम के कारण परेशानी न उठानी पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निकांड में ग्रामीणों के घरों के साथ उनकी जीवनभर की जमा पूंजी भी नष्ट हुई है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को फिर से व्यवस्थित करने के लिए प्रशासन संवेदनशीलता के साथ काम करे और प्रत्येक परिवार की जरूरतों को प्राथमिकता दी जाए।
छह माह के राशन की होगी व्यवस्था, बच्चों की पढ़ाई नहीं होगी प्रभावित
अग्निकांड में प्रभावित परिवारों के घरों में सुरक्षित रखा छह माह का राशन भी नष्ट हो गया है। इस स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आगामी छह माह तक प्रभावित परिवारों के लिए खाद्यान्न की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राशन के साथ-साथ परिवारों की दैनिक जरूरतों का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
बच्चों की शिक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने निर्देश दिए कि अग्निकांड के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए आवश्यकता के अनुसार विद्यालय और शिक्षा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित की जाएं, ताकि बच्चों की पढ़ाई नियमित रूप से जारी रह सके।
जलाशय और हेलीपैड सहित गांव की दीर्घकालिक जरूरतों पर भी होगा काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव की दीर्घकालिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जलाशय, हेलीपैड और अन्य जरूरी विकास कार्यों पर भी काम किया जाएगा। हालांकि, फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता अग्निकांड प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना, उनके लिए सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना और पुनर्वास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने इस घटना में अपना आशियाना और जीवनभर की पूंजी खोई है, उनकी पीड़ा को समझना और उन्हें दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करना सरकार की जिम्मेदारी है। प्रशासन का प्रत्येक अधिकारी और पूरा सरकारी तंत्र प्रभावित बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
घटना के बाद से लगातार अधिकारियों के संपर्क में थे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने बताया कि पवाणी गांव में अग्निकांड की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल मामले का संज्ञान लिया था। वह लगातार जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में रहकर घटनाक्रम की जानकारी ले रहे थे। साथ ही अधिकारियों को राहत एवं सहायता से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे थे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों को सहायता पहुंचाने में किसी प्रकार की देरी न हो और सभी विभाग पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल और ग्रामीणों ने घटना का तत्काल संज्ञान लेने, लगातार राहत कार्यों की जानकारी लेने और प्रभावित परिवारों तक शीघ्र सहायता पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के स्वयं गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने और उनकी समस्याएं सुनने पर भी धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री ने पुनः आश्वस्त किया कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और पवाणी गांव को फिर से व्यवस्थित करने के लिए निरंतर प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार हर कदम पर प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाधिकारी, जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #Uttarkashi #PawaniVillage #FireIncident #ReliefAndRehabilitation #UttarakhandNews #Yugvarta


No Previous Comments found.