मंगलौर के समग्र विकास एवं प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : पुष्कर सिंह धामी

जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, किसानों को गन्ना मूल्य वृद्धि का दिया भरोसा; बोले-मंगलौर के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 25 Nov, 2026 11:45 PM
मंगलौर के समग्र विकास एवं प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध : पुष्कर सिंह धामी

हरिद्वार। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार जिले के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण कराने की घोषणा कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। इसके साथ ही सड़क, नाला निर्माण और तटबंध से जुड़े कई विकास कार्यों को भी स्वीकृति देने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मंगलौर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और मेहनतकश लोगों के लिए पहचाना जाता है। यहां के किसानों, व्यापारियों, श्रमिकों और छोटे उद्यमियों का क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान है। सरकार मंगलौर की विकास संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

लिब्बरहेड़ी में कन्या महाविद्यालय, गंगनहर पर बनेगा पुल

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज का नवनिर्माण और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण प्रमुख है। इसके अतिरिक्त नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध का निर्माण तथा ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण की भी घोषणा की।

ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा। वहीं, किसानों की गन्ना मूल्य वृद्धि की मांग पर उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर वर्ष किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती रही है। पिछले वर्ष भी मूल्य में वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।

स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल सुविधाओं के विस्तार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है। वहीं, लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।

उन्होंने क्षेत्र में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत एक हजार से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण हुआ है, जबकि 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना और आमजन के जीवन स्तर में सुधार लाना है।

किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता

किसानों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि लागत कम करने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत उत्तराखण्ड के किसानों के खातों में अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण दिया जा रहा है। नहरों से सिंचाई की सुविधा निःशुल्क की गई है तथा फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को फसल नुकसान से सुरक्षा प्रदान की जा रही है।

36 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में पिछले पांच वर्षों के दौरान 36 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।

उन्होंने कहा कि सुशासन, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रदेश में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है।

बिना भेदभाव पात्र लोगों तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र के साथ काम कर रही है। प्रधानमंत्री जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और निःशुल्क राशन जैसी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनके जीवन और विचारों से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है। साथ ही, 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय भी महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, किसानों की आय में वृद्धि करना और मातृशक्ति को सशक्त बनाना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ सरकार निरंतर आगे बढ़ रही है।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में रैली संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा के विधायक मनमोहन भड़ाना, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, चौधरी अजीत सिंह, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन, ब्लॉक प्रमुख कविन्द्र चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इसके अलावा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक रैली में शामिल हुए।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#Uttarakhand #PushkarSinghDhami #Mangalore #Haridwar #Development #UttarakhandNews #युगवार्ता


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.