शहीद स्मारक पहुंचकर मुख्यमंत्री धामी ने राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को किया नमन, पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
बोले- आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से साकार हुआ पृथक उत्तराखण्ड का सपना, शहीदों के सपनों के अनुरूप राज्य का निर्माण ही होगी सच्ची श्रद्धांजलि
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 9 Nov, 2026 12:55 PMदेहरादून, 09 नवंबर 2026। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून के कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर पृथक उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को नमन किया और उनके संघर्ष एवं त्याग का स्मरण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण राज्य आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। पृथक राज्य की मांग को लेकर चले आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों सहित समाज के सभी वर्गों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी के सामूहिक संघर्ष और संकल्प से पृथक उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हो सका। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
26 वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। इन वर्षों में प्रदेश ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए विकास के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप उत्तराखण्ड को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना और पलायन की समस्या पर प्रभावी रोक लगाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को संरक्षित रखना लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने गौरवशाली संघर्ष, त्याग और बलिदान को स्मरण करने के साथ विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का भी दिन है। राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को संरक्षित रखते हुए उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के शहीदों ने जिस उत्तराखण्ड का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#Uttarakhand #UttarakhandFoundationDay #PushkarSinghDhami #UttarakhandNews #Dehradun #उत्तराखण्डस्थापनादिवस #पुष्करसिंहधामी #युगवार्ता


No Previous Comments found.