नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा, संकट की घड़ी में नेपाली भाई-बहनों के साथ खड़ी है देवभूमि: धामी

भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुख, प्रभावित परिवारों के प्रति व्यक्त की संवेदना

26 Aug, 2026 09:44 PM
नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा, संकट की घड़ी में नेपाली भाई-बहनों के साथ खड़ी है देवभूमि: धामी

देहरादून, 26 अगस्त। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि और व्यापक नुकसान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रभावित परिवारों के साथ उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार की एकजुटता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और आपदा से प्रभावित सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा प्रभावित क्षेत्रों में जल्द सामान्य स्थिति बहाल होने की कामना भी की।

‘भारत-नेपाल के रिश्ते सिर्फ पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं’

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो पड़ोसी देशों के संबंध नहीं हैं, बल्कि दोनों देश साझा संस्कृति, परंपराओं, आस्था, सामाजिक सरोकारों और आत्मीयता के गहरे रिश्तों से जुड़े हैं। उत्तराखंड और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक और पारिवारिक संबंधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच रोटी-बेटी के रिश्ते के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध भी लगातार मजबूत हुए हैं।

उन्होंने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र का नेपाल के साथ विशेष और आत्मीय संबंध रहा है। पिथौरागढ़ और चंपावत सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के नेपाल के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्ते हैं। ऐसे में नेपाल में आई आपदा का दुख उत्तराखंड के लोगों के लिए अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट में होने जैसा है।

राहत-बचाव कार्यों में जुटे लोगों के प्रयासों को सराहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा है और संकट की इस घड़ी में उत्तराखंड की जनता अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता से खड़ी है। उन्होंने आपदा के बीच राहत और बचाव कार्यों में जुटे सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों तथा स्थानीय नागरिकों के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नेपाल की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है।

‘हिमालयी क्षेत्र दोनों देशों को आपदाओं के प्रति बनाता है संवेदनशील’

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां भारत और नेपाल दोनों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील बनाती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नेपाल सरकार और स्थानीय प्रशासन के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएंगे और प्रभावित लोगों को जल्द आवश्यक सहायता उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की जनता की ओर से नेपाल के शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभावित लोगों के शीघ्र सुरक्षित होने, घायलों के जल्द स्वस्थ होने और नेपाल में जल्द सामान्य स्थिति बहाल होने की कामना की।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#पुष्करसिंहधामी #नेपाल #भोटेकोशी #बाढ़ #उत्तराखंड #भारतनेपालसंबंध #रसुवा #आपदा #राहतबचाव


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.