उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर मुख्यमंत्री धामी अलर्ट, अधिकारियों को राहत-बचाव के लिए दिए सख्त निर्देश

मुख्य सचिव और आपदा प्रबंधन सचिव को हालात पर लगातार नजर रखने के निर्देश, लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 19 Jul, 2026 09:25 PM
उत्तराखंड में भारी बारिश को लेकर मुख्यमंत्री धामी अलर्ट, अधिकारियों को राहत-बचाव के लिए दिए सख्त निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन और सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन को प्रदेशभर की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां कहीं भी भारी वर्षा, भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने या अन्य आपदा संबंधी स्थिति उत्पन्न हो, वहां जिला प्रशासन तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी राहत एवं बचाव दल पूरी तरह तैयार रहें और प्रभावित लोगों को समय पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।


उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के कारण यदि सड़क, बिजली, पेयजल या संचार सेवाएं प्रभावित होती हैं, तो उनकी बहाली प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। साथ ही चारधाम यात्रा मार्ग सहित प्रदेश के सभी प्रमुख मार्गों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों और राज्य में आने वाले यात्रियों से मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, उफनते नदी-नालों तथा जलभराव वाले स्थानों के आसपास जाने से परहेज करें।


मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति या असुविधा की जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।


उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता


#Uttarakhand #HeavyRain #PushkarSinghDhami #WeatherAlert #DisasterManagement #CharDhamYatra #RainAlert #Dehradun #YugvartaNews

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2