प्रसार भारती अध्यक्ष प्रसून जोशी ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात, उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने पर चर्चा
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 12 Nov, 2026 10:50 PMदेहरादून। प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार, कवि और लेखक प्रसून जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री और प्रसून जोशी के बीच उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही प्रदेश की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और रचनात्मक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान दिलाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोकगीत, लोककला और पारंपरिक विरासत राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। ये परंपराएं प्रदेश के इतिहास, गौरव और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान की संवाहक हैं। राज्य सरकार इनके संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक वाद्ययंत्रों, लोक गायन और पारंपरिक नृत्यों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। राज्यभर में आयोजित होने वाले स्थानीय मेलों और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ देश-विदेश में आयोजित उत्तराखंड के कार्यक्रमों में भी यहां की लोककला एवं परंपराओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाता है। इससे देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक मंच मिलता है और प्रदेश की विरासत को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलती है।
मुख्यमंत्री धामी ने साहित्य, गीत लेखन, सिनेमा और रचनात्मक जगत में प्रसून जोशी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कला और साहित्य समाज की संवेदनाओं, विचारों तथा सांस्कृतिक मूल्यों को अभिव्यक्त करने के प्रभावी माध्यम हैं। इनके जरिए देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।
बैठक में उत्तराखंड की सांस्कृतिक विशिष्टताओं को संचार एवं प्रसारण के विभिन्न माध्यमों के जरिए देशभर में पहचान दिलाने तथा प्रदेश की लोककला, लोकसंगीत और लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
इस मुलाकात को उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार और प्रदेश की स्थानीय रचनात्मक प्रतिभाओं को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


No Previous Comments found.