उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने के लिए डबल इंजन सरकार प्रतिबद्ध, भ्रम और टकराव की राजनीति नहीं चलेगी: सीएम धामी
राज्योत्सव में अमित शाह का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, बोले- कनेक्टिविटी, पर्यटन, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा देवभूमि
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 6 Nov, 2026 03:22 PMदेहरादून, 06 नवंबर। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास, सुशासन और स्थिरता सरकार की प्राथमिकता है तथा राज्य की जनता भी विकास की इस यात्रा में सरकार के साथ खड़ी है। विकास के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने के बजाय भ्रम और टकराव का वातावरण बनाने वाली ताकतों को जनता स्वीकार नहीं करेगी।
शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित उत्तराखण्ड राज्योत्सव समारोह में मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलने को पूरे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। साथ ही राज्य की 26 वर्षों की विकास यात्रा, केंद्र सरकार के सहयोग और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का उल्लेख किया।
‘उत्तराखण्ड को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना सरकार का संकल्प’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 9 नवंबर को उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का सम्मान करते हुए पृथक उत्तराखण्ड राज्य के सपने को साकार किया था। वर्तमान राज्य सरकार राज्य आंदोलनकारियों की आकांक्षाओं के अनुरूप प्रदेश को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन एवं सहयोग से उत्तराखण्ड में कनेक्टिविटी, आधारभूत ढांचे, पर्यटन, उद्योग और स्वरोजगार के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से विकास योजनाओं को गति मिल रही है और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
‘अनुच्छेद 370 से लेकर नए आपराधिक कानूनों तक, देश में हुए ऐतिहासिक निर्णय’
अमित शाह के नेतृत्व और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता की मजबूत नींव रखी थी। केंद्रीय गृह मंत्री उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन में अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा तीन नए आपराधिक कानूनों जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। आतंकवाद, अलगाववाद और नक्सलवाद के विरुद्ध कठोर कार्रवाई से देश में शांति और विकास का मार्ग मजबूत हुआ है। वहीं, सहकार से समृद्धि अभियान किसानों, पशुपालकों और छोटे उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उत्तराखण्ड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर मिलना गौरवपूर्ण उपलब्धि
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखण्ड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान प्रदेश की पुलिस के अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं का प्रतीक है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तराखण्ड पुलिस के सभी अधिकारियों एवं जवानों को बधाई दी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया।
‘विकास पर चर्चा के बजाय भ्रम और टकराव का माहौल बनाना उचित नहीं’
मुख्यमंत्री ने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ ताकतें विकास के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने के बजाय भ्रम और टकराव का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही हैं। लोकतंत्र में सवाल पूछना और असहमति व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन युवाओं को भड़काना, अफवाहें फैलाना और हिंसा को प्रोत्साहित करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं के प्रति दोहरा रवैया उचित नहीं है। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर और रुद्रपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनमें जनता की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। प्रदेश की जनता विकास, सुशासन और स्थिरता के पक्ष में है तथा भ्रामक प्रचार और झूठे वादों से प्रभावित होने वाली नहीं है।
हिमाचल से तुलना करते हुए बताया उत्तराखण्ड का बजट
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड की आर्थिक और वित्तीय स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि समान भौगोलिक परिस्थितियों वाले हिमाचल प्रदेश का इस वर्ष का बजट लगभग 54,928 करोड़ रुपये है, जबकि उत्तराखण्ड का बजट लगभग 1,11,703 करोड़ रुपये है। उन्होंने इसे प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता का परिचायक बताया।
नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में उत्तराखण्ड पहले स्थान पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड विकास के विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) सूचकांक में प्रदेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। खनन क्षेत्र में किए गए सुधारों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार मिला है। वहीं, मत्स्य विकास के क्षेत्र में हिमालयी एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में उत्तराखण्ड को सर्वश्रेष्ठ राज्य का पुरस्कार प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रदेश को बेस्ट एडवेंचर और बेस्ट वाइल्डलाइफ डेस्टिनेशन जैसे सम्मान मिले हैं। फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण विकसित करने के प्रयासों के परिणामस्वरूप उत्तराखण्ड को ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ का राष्ट्रीय पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है।
3.82 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंची प्रदेश की अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने राज्य की आर्थिक प्रगति के आंकड़े साझा करते हुए कहा कि इस वर्ष उत्तराखण्ड का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय लगभग 2.74 लाख रुपये और आर्थिक वृद्धि दर करीब 7.23 प्रतिशत रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से 25 प्रतिशत से अधिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये आंकड़े प्रदेश की अर्थव्यवस्था में हो रही प्रगति और विकास की संभावनाओं को दर्शाते हैं। सरकार का लक्ष्य विकास की इस गति को और तेज करना तथा प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र तक विकास का लाभ पहुंचाना है।
शांति, सामाजिक सद्भाव और विकास में भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि की जनता विकास, सुरक्षा और संवेदनशील एवं जवाबदेह शासन चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार इन अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने, शांति एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने की दिशा में सामूहिक भागीदारी निभाने का आह्वान किया।


No Previous Comments found.