उत्तराखंड में विकास कार्यों को धामी सरकार की रफ्तार, मंदिरों के सौंदर्यीकरण से सड़कों और हेलीपैड निर्माण तक कई परियोजनाओं को मंजूरी
चम्पावत, पिथौरागढ़, देहरादून, हरिद्वार, चमोली समेत कई जनपदों को मिली सौगात, धार्मिक स्थलों के विकास, सड़क सुदृढ़ीकरण, सिंचाई और बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा फोकस
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 28 Nov, 2026 06:03 PMदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों और विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इन स्वीकृतियों के तहत सड़कों के निर्माण एवं सुधारीकरण, पुलों और सुरक्षात्मक कार्यों, मंदिरों एवं मेला स्थलों के सौंदर्यीकरण, हेलीपैड निर्माण, सिंचाई गूल तथा शहरी बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दी गई है।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से चम्पावत, देहरादून, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है। सरकार का उद्देश्य स्थानीय जरूरतों के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ धार्मिक पर्यटन, ग्रामीण संपर्क और क्षेत्रीय विकास को गति देना है।
सड़क और संपर्क सुविधाओं को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कठाड़ कमेला के मुख्य मार्गों पर सीसी एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण के लिए 55.16 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। वहीं, देहरादून के मसूरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या-9 आर्यनगर में आंतरिक सड़कों, नालियों और विभिन्न स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 56.76 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
ऊधमसिंह नगर के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में गणेशपुर से लंकुरा बाजावाला होते हुए रमपुरकाजी तक मार्ग का बीएम एवं एसडीबीसी तकनीक से सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके लिए 242.38 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
हरिद्वार के पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में सीसी मार्ग एवं इंटरलॉकिंग रोड निर्माण के लिए कुल 249.32 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 161.20 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है।
देहरादून के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में वन विभाग की थानों रेंज के अंतर्गत जॉलीग्रांट सैंज चौकी से जुड्डी गांव होते हुए कालूवाला को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए 98.75 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 59.25 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त ऊधमसिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय परिसर की शेष सड़कों के सुधार के लिए 422.11 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में थल-सत्सिलिंग मोटर मार्ग (राजमार्ग-60) के किलोमीटर 143.930 पर डांगोली-दाड़िमखेत-हरवाड़-वलीघाट-दफौड़-धर्मघर-कोटमन्या-पाखू-थल-सत्सिलिंग मोटर मार्ग के श्रेणी-बी से श्रेणी-ए में उच्चीकरण के लिए 111.92 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
मंदिरों और धार्मिक स्थलों का होगा सौंदर्यीकरण
धामी सरकार ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए कई मंदिरों और मेला स्थलों के सौंदर्यीकरण को भी मंजूरी दी है।
पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के रसैपाटा स्थित पौराणिक भगवती मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 59.57 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
रुद्रप्रयाग के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में सिल्ला बामण गांव स्थित साणेश्वर मंदिर, सिद्धपीठ आशुतोष महादेव, फलासी के तुंगेश्वर महादेव मंदिर और महड़गांव के महड़ महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए कुल 49.94 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढकना बडोला में श्री ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
चमोली के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में उत्तराखंड के एकमात्र दानवीर कर्ण के मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.71 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 59.82 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है।
वहीं, टिहरी विधानसभा क्षेत्र के नई टिहरी स्थित बौराड़ी के नवदुर्गा मंदिर की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के लिए 100 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 60 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
मोरी के फिताड़ी में बनेगा हेलीपैड, जाट भवन के लिए भी धनराशि मंजूर
उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड मोरी स्थित ग्राम फिताड़ी में हेलीपैड निर्माण के लिए 107.98 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे दुर्गम क्षेत्र में हवाई संपर्क और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव गतिविधियों को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कारगी चौक में जाट भवन निर्माण के लिए अवशेष धनराशि के रूप में 125 लाख रुपये स्वीकृत करने का अनुमोदन भी मुख्यमंत्री ने प्रदान किया है।
सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर
कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के उद्देश्य से चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विकास को भी स्वीकृति दी गई है। मंच-लेठी-बमनगांव-तारकुली-आवंडा से विकासखंड ताकुला के भेसड़गांव-चौड़ा-फल्याटी-बनौड़ा तक सिंचाई गूल के निर्माण के लिए 95.01 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 57 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन किया गया है।
इन परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में सड़क संपर्क, धार्मिक पर्यटन, सिंचाई व्यवस्था और स्थानीय आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की दिशा में ये स्वीकृतियां प्रदान की हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना और विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना है।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#PushkarSinghDhami #Uttarakhand #DevelopmentProjects #UttarakhandGovernment #Chamoli #Pithoragarh #Champawat #Dehradun #UttarakhandNews


No Previous Comments found.