योगी सरकार का दिवाली तोहफा, 1.89 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस सिलेंडर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 3 Nov, 2026 09:29 PMलखनऊ, 03 नवंबर 2026 दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने उज्ज्वला योजना की महिला लाभार्थियों को राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ के लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में 1.89 करोड़ महिलाओं के लिए मुफ्त एलपीजी सिलेंडर वितरण की घोषणा की। इस व्यवस्था के तहत सिलेंडर के लिए लाभार्थियों को अपनी जेब से कोई पैसा नहीं देना होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि एलपीजी सिलेंडर की बाजार कीमत 983.45 रुपये है, जिसमें केंद्र सरकार 335.40 रुपये की सब्सिडी देती है। बाकी 648.55 रुपये का भुगतान राज्य सरकार ने गैस कंपनियों को कर दिया है। योगी ने कहा, "हमने दीपावली और होली पर अपनी बहनों को मुफ्त सिलेंडर देने का वादा किया था। दीपावली के लिए राज्य सरकार ने आपकी ओर से 648.55 रुपये सीधे गैस कंपनियों को भेज दिए हैं। अब आपको केवल अपना खाली सिलेंडर गैस एजेंसी पर ले जाना है। वहां आपसे एक भी रुपया नहीं मांगा जाएगा।" योगी ने कहा कि इस पहल से महिलाओं के करीब 650 रुपये बचेंगे, जिन्हें वे त्योहार की खरीदारी और पूजा की तैयारियों में खर्च कर सकेंगी। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "2014 से पहले देश में एलपीजी कनेक्शन लेना किसी पहाड़ को पार करने जैसा था। लोगों को एक कनेक्शन के लिए कालाबाजारी में 25,000 से 50,000 रुपये तक देने पड़ते थे। उन्हें नेताओं और अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ते थे।" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू की गई उज्ज्वला योजना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "1 मई, 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से उज्ज्वला योजना की शुरुआत की थी। मोदी जी ने पारंपरिक चूल्हों से निकलने वाले धुएं के कारण माताओं और बहनों की आंखों में आने वाले आंसुओं को देखा और संकल्प लिया कि हर गरीब परिवार को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन मिलना चाहिए। आज उसी का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश के करोड़ों घरों में धुआं मुक्त रसोई उपलब्ध है।"


No Previous Comments found.