गुरु पूर्णिमा पर सीएम योगी की भावपूर्ण पाती, बोले- गुरु का सम्मान ही विकसित समाज और विकसित प्रदेश की आधारशिला
29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, गुरु-शिष्य परंपरा को बताया सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 27 Jul, 2026 02:59 AMलखनऊ। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए गुरु के महत्व पर एक भावपूर्ण संदेश जारी किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पवित्र अवसर है। उन्होंने सभी नागरिकों से गुरुजनों के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
लखनऊ। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए गुरु के महत्व पर एक भावपूर्ण संदेश जारी किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पवित्र… pic.twitter.com/B0sNYzLFA3
— Yugvarta News Agency (@YugvartaNews) July 26, 2026
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व महर्षि वेदव्यास की स्मृति में मनाया जाता है। भारतीय ज्ञान परंपरा में महर्षि वेदव्यास का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा हमारी सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसने समाज को ज्ञान, संस्कार और जीवन मूल्यों की दिशा प्रदान की है।
सीएम योगी ने कहा कि गुरु पूर्णिमा का महत्व केवल सनातन परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि बौद्ध, जैन और सिख परंपराओं में भी यह पर्व विशेष श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि बौद्ध परंपरा में यह दिन भगवान बुद्ध के प्रथम उपदेश और धर्मचक्र प्रवर्तन की स्मृति का प्रतीक है, जबकि जैन परंपरा में इसका संबंध गौतम स्वामी के ज्ञान-दीक्षा प्रसंग से है। सिख परंपरा में भी गुरु-वाणी को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। उन्होंने कहा कि सभी परंपराओं में गुरु पूर्णिमा गुरु, ज्ञान और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक पर्व है।
मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति के आदर्श उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम ने गुरु वशिष्ठ से शिक्षा ग्रहण की और भगवान श्रीकृष्ण ने गुरु सांदीपनि के सान्निध्य में ज्ञान प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि गुरु केवल शिक्षा नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा भी प्रदान करते हैं। जिस समाज में गुरु का सम्मान होता है, वही समाज निरंतर प्रगति और उन्नति करता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से लाखों शिक्षक लाभान्वित हो रहे हैं। इस योजना का लाभ लगभग 60 लाख शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं उनके आश्रितों को मिल रहा है। इसके साथ ही 7.5 लाख से अधिक विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षकों को भी इस योजना के दायरे में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिक्षकों और कर्मचारियों को ₹3 करोड़ तक का सामाजिक सुरक्षा बीमा कवर भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे उनके और उनके परिवारों की सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है।
अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे गुरुजनों के प्रति सम्मान, श्रद्धा और कृतज्ञता की भावना को जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि गुरु का सम्मान ही विकसित समाज, सशक्त राष्ट्र और विकसित प्रदेश की आधारशिला है।
— आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता



No Previous Comments found.