यूपीआईटीएस प्रदेश की समृद्ध परंपरा, हुनर और उत्पादों को वैश्विक मंच देगा : मुख्यमंत्री योगी

मुख्यमंत्री ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों की समीक्षा की, सुरक्षा, यातायात और विदेशी मेहमानों की सुविधाओं को लेकर दिए दिशा-निर्देश

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 20 Sep, 2026 09:38 PM
यूपीआईटीएस प्रदेश की समृद्ध परंपरा, हुनर और उत्पादों को वैश्विक मंच देगा : मुख्यमंत्री योगी

ग्रेटर नोएडा, 20 सितंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार में प्रशासनिक, प्राधिकरण और पुलिस अधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 (UPITS-2026) की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन की सफलता, सुरक्षा, यातायात, विदेशी प्रतिनिधियों की सुविधाओं और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की समृद्ध परंपरा, हुनर, स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक क्षमताओं को वैश्विक मंच प्रदान करने के साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेक इन इंडिया’ जैसे अभियानों को गति देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं को ट्रेड शो से जोड़ते हुए कहा कि यह उन्हें प्रत्यक्ष अनुभव हासिल करने और उद्यमिता के नए अवसरों से जुड़ने का मंच भी प्रदान करेगा।

छह देशों के साथ साझेदारी, 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी

मुख्यमंत्री को बताया गया कि UPITS-2026 में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस भागीदार देशों के रूप में शामिल होंगे। इन देशों के प्रतिनिधिमंडलों के लिए प्रीमियम फोयर पवेलियन, द्विपक्षीय व्यावसायिक सत्र और संरचित बी2बी बैठकें प्रस्तावित हैं।

भारतीय निर्यात संगठनों और विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों के समन्वय से 72 देशों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के आयोजन में शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों के लिए उचित आवास व्यवस्था तथा भागीदार देशों के उच्चायुक्तों के लिए लायजन अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश दिए।

युवाओं और छात्रों की होगी सक्रिय भागीदारी

मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय और तकनीकी विश्वविद्यालयों के छात्रों को स्वयंसेवक के रूप में तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि विदेशी प्रतिनिधियों और आगंतुकों को आवश्यक सहायता मिल सके।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ जोड़ने तथा उद्योग और व्यापारिक प्रतिनिधियों के साथ अतिरिक्त संवाद एवं बैठकें आयोजित करने पर भी जोर दिया। नॉलेज सेशन को संक्षिप्त और प्रभावशाली बनाने तथा तकनीकी सत्रों में प्रदेश सरकार के संबंधित मंत्रियों और प्रमुख सचिवों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए।

अवध, बुंदेलखंड और ब्रज की संस्कृति की दिखेगी झलक

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के साथ अवध, बुंदेलखंड और ब्रज क्षेत्रों की भी व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए करीब 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के स्लॉट तैयार किए गए हैं। इनमें कथक, पखावज और सितार वादन, भोजपुरी और आल्हा लोक गायन, राई एवं थारू जनजातीय नृत्य तथा स्टार म्यूजिकल नाइट्स शामिल हैं।

सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता पर विशेष जोर

आयोजन में संभावित भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यातायात, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन और पेयजल की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयोजन स्थल को स्वच्छ, व्यवस्थित और प्लास्टिक-मुक्त रखने के साथ प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने को कहा गया।

सभी सरकारी विभागों को 23 सितंबर तक अपने स्टॉल तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग, पोस्टर और दिशा-सूचक बोर्ड लगाने तथा बेहतर नेटवर्क, इंटरनेट और वाई-फाई सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए टेलीकॉम कंपनियों से समन्वय करने को कहा गया।

500 से अधिक ईवी शटल बसों की व्यवस्था

स्थानीय प्रशासन और पुलिस के अनुसार, पार्किंग क्षेत्रों और प्रदर्शनी स्थल के बीच आगंतुकों की आवाजाही के लिए 500 से अधिक ईवी शटल बसें चलाने की व्यवस्था की गई है। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों और वीवीआईपी की सहायता के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर समर्पित UPITS सुविधा काउंटर भी संचालित किया जा रहा है।

आयोजन के प्रचार के लिए मेट्रो लाइनों, शहर की बसों, मल्टीप्लेक्स सिनेमा स्क्रीन, रेडियो और डिजिटल चैनलों का उपयोग किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, मेटा प्लेटफॉर्म पर प्रचार अभियान को अब तक 1.3 करोड़ से अधिक वीडियो व्यूज मिल चुके हैं।

युवाओं के लिए रील चैलेंज और यंग एंटरप्रेन्योर प्रतियोगिता

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को बताया कि स्थानीय आरडब्ल्यूए, औद्योगिक संगठनों, स्कूलों और कॉलेजों के साथ समन्वय बैठकें की गई हैं। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए डिजिटल रील चैलेंज, यंग एंटरप्रेन्योर प्रतियोगिता और विशेष क्विज जैसी पहल भी आयोजित की जाएंगी।

36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक

UPITS-2026 में ओडीओपी, वन डिस्ट्रिक्ट वन क्राफ्ट, सीएम युवा, एमएसएमई, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, रक्षा एवं एयरोस्पेस, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, ऑटोमोबाइल एवं इलेक्ट्रिक वाहन, फार्मा एवं हेल्थकेयर, टेक्सटाइल एवं हथकरघा, लॉजिस्टिक्स, रियल एस्टेट तथा पर्यटन एवं संस्कृति जैसे क्षेत्रों को प्रदर्शित किया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार, ग्राउंड और सेकेंड फ्लोर के हॉल में करीब 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक किया जा चुका है और संबंधित औद्योगिक विकास प्राधिकरणों एवं कॉरपोरेट संस्थाओं के लिए ले-आउट को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

UPITS-2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में किया जाना है। आधिकारिक निवेश प्रोत्साहन एजेंसी Invest UP के अनुसार, इस वर्ष भी आयोजन का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और वैश्विक व्यापारिक संभावनाओं को सामने लाना है।

मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने तथा आयोजन के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और आगंतुक सुविधाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, राज्यमंत्री लोक निर्माण विभाग बृजेश सिंह, राज्यमंत्री एमएसएमई हंसराज विश्वकर्मा, अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास दीपक कुमार, आयुक्त अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार, एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर, मंडलायुक्त मेरठ भानु चंद्र गोस्वामी सहित प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता

#UPITS2026 #UPInternationalTradeShow #YogiAdityanath #GreaterNoida #UttarPradesh #ODOP #MSME #TradeShow #InvestUP #Yugvarta


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

kitkat ad