सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को लिखी पाती, शिक्षा और साक्षरता को लेकर साझा किया संकल्प
शिक्षक दिवस पर 81 गुरुजनों के सम्मान से लेकर AI साक्षरता तक, मुख्यमंत्री ने शिक्षा को संस्कार, कौशल और तकनीकी ज्ञान से जोड़ने पर दिया जोर
YUGVARTA NEWS
Lucknow, 7 Sep, 2026 08:31 AMलखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम लिखी अपनी पाती में शिक्षा, साक्षरता, शिक्षक की भूमिका और बदलती तकनीकी दुनिया के अनुरूप युवाओं को तैयार करने को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं और संकल्प को साझा किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक वह दीप हैं, जो ज्ञान का प्रकाश फैलाकर आने वाली पीढ़ियों का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को लिखी पाती, शिक्षा और साक्षरता को लेकर साझा किया संकल्प
— Yugvarta News Agency (@YugvartaNews) September 7, 2026
शिक्षक दिवस पर 81 गुरुजनों के सम्मान से लेकर AI साक्षरता तक, मुख्यमंत्री ने शिक्षा को संस्कार, कौशल और तकनीकी ज्ञान से जोड़ने पर दिया जोर
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के… pic.twitter.com/S7ss0MayUu
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्र निर्माण की नींव रखने वाले 81 गुरुजनों को सम्मानित करने का सौभाग्यमिला। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा की पूरी यात्रा की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि वे विद्यार्थियों में संस्कार, जिज्ञासा, अनुशासन और आत्मविश्वास जगाने का कार्य करते हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बच्चे केवल पढ़ना-लिखना सीखने के लिए विद्यालय नहीं जाते। शिक्षा का उद्देश्य उन्हें ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास देना है। बच्चों को जीवन को सही दिशा देने वाली समझ प्रदान करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
गुरुकुल परंपरा से आधुनिक तकनीक तक शिक्षा का विस्तार
मुख्यमंत्री ने प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरुकुल समग्र शिक्षा के केंद्र रहे हैं, जहां ज्ञान के साथ जीवन मूल्यों और दायित्वबोध की शिक्षा दी जाती थी। उन्होंने कहा कि ज्ञान तभी सार्थक है, जब वह जीवन को सरल बनाए और समाज के लिए उपयोगी बने।
उन्होंने कहा कि तकनीक तेजी से जीवन को बदल रही है। ऐसे में डिजिटल साक्षरता के साथ AI साक्षरता भी समय की आवश्यकता है। AI, डीप-टेक और उभरती प्रौद्योगिकियां शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और रोजगार के नए अवसर खोल रही हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार सरकार परंपरागत ज्ञान को आधुनिक विज्ञान, तकनीक, नवाचार और कौशल से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। लखनऊ में AI City और कानपुर में ड्रोन-UAV तकनीक का विकसित होता इकोसिस्टम तकनीकी भविष्य की नई संभावनाओं का आधार बन रहा है।
शिक्षा की गुणवत्ता और कौशल विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का विशेष जोर ऑपरेशन कायाकल्प, मिशन प्रेरणा, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और कौशल विकास कार्यक्रमों पर है। शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालयी सुविधाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और युवाओं के कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विद्यालयों में ड्रॉपआउट दर को न्यूनतम करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है और अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में सफलता मिल रही है।
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि 8 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर ज्ञान के विस्तार और प्रत्येक व्यक्ति को सशक्त बनाने का संकल्प लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि साक्षरता का संकल्प समाज के सहयोग के बिना पूरा नहीं हो सकता। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर संकल्प होना चाहिए कि हर बच्चा विद्यालय पहुंचे और हर विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर युवा कौशल और नवाचार से जुड़े तथा हर नागरिक साक्षर होने के साथ डिजिटल ज्ञान और AI से भी परिचित हो। उन्होंने शिक्षा को केवल ज्ञान अर्जन तक सीमित न रखते हुए जीवन मूल्यों, समझ, कौशल, नवाचार और समाज के प्रति उपयोगिता से जोड़ने पर जोर दिया।
आदित्य अमिताभ त्रिवेदी, युगवार्ता
#योगीआदित्यनाथ #शिक्षकदिवस #अंतरराष्ट्रीयसाक्षरतादिवस #शिक्षा #AI #साक्षरता #उत्तरप्रदेश #कौशलविकास



No Previous Comments found.