यूपी न्यूज़ : मुख्यमंत्री ने घोसी विधान सभा के दिवंगत विधायक सुधाकर सिंह को दी श्रद्धान्जलि

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 19 Dec, 2025 09:08 PM
यूपी न्यूज़ : मुख्यमंत्री ने घोसी विधान सभा के दिवंगत विधायक सुधाकर सिंह को दी श्रद्धान्जलि

लखनऊ, 19 दिसम्बर 2025।

उत्तर प्रदेश विधान सभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोसी विधान सभा क्षेत्र के दिवंगत विधायक सुधाकर सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. सुधाकर सिंह का आकस्मिक निधन 20 नवम्बर 2025 को हुआ, जो पूरे प्रदेश और विधान सभा के लिए अत्यंत दुःखद है।


मुख्यमंत्री ने बताया कि स्व. सुधाकर सिंह सदन के वरिष्ठ एवं अनुभवी सदस्य थे और वे तीसरी बार विधान सभा सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए थे। उनका राजनीतिक सफर वर्ष 1996 में जनपद मऊ के नत्थूपुर विधान सभा क्षेत्र से शुरू हुआ। इसके बाद वे वर्ष 2012 के सामान्य चुनाव तथा वर्ष 2023 के उपचुनाव में घोसी विधान सभा से निर्वाचित होकर सदन तक पहुंचे।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्व. सुधाकर सिंह वर्ष 2012 से 2017 तक विधान सभा की प्राक्कलन समिति के सदस्य रहे, जबकि वर्तमान में वे पंचायती राज समिति के सदस्य थे। वे अपने क्षेत्र के लोकप्रिय नेता थे और समाज के गरीबों, वंचितों एवं जरूरतमंदों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते थे। शिक्षा के प्रचार-प्रसार में उनकी विशेष रुचि थी और वे अनेक शिक्षण संस्थानों से सक्रिय रूप से जुड़े रहे।


मुख्यमंत्री ने यह भी स्मरण कराया कि स्व. सुधाकर सिंह एक लोकतंत्र सेनानी थे। आपातकाल के दौरान उन्होंने आजमगढ़ और लखनऊ की केंद्रीय जेल में कारावास भी झेला। वे एक व्यवहारकुशल, संवेदनशील और जनप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में अपने क्षेत्र के विकास और जनता के कल्याण के लिए निरंतर समर्पित रहे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके निधन से प्रदेश ने एक अनुभवी राजनीतिज्ञ और समर्पित समाजसेवी को खो दिया है, जिससे समाज को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत नेता के प्रति श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की कामना की तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने विधान सभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि सदन की ओर से शोक संवेदना संदेश परिजनों तक पहुंचाया जाए।


इस अवसर पर विधान सभा के अन्य सदस्यों ने भी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए अपने विचार व्यक्त किए। सभी सदस्यों ने स्व. सुधाकर सिंह के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा। श्रद्धांजलि के उपरांत विधान सभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।


सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.

moti2