दिवाली की आतिशबाजी पर सवाल उठाने वालों को योगी का जवाब, सपा सरकार पर भी साधा निशाना

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 11 Nov, 2026 10:44 PM
दिवाली की आतिशबाजी पर सवाल उठाने वालों को योगी का जवाब, सपा सरकार पर भी साधा निशाना

लखनऊ, 11नवंबर 2026 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार पर हमला बोलते हुए उसके शासनकाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने दंगाइयों पर नियंत्रण के लिए जानी जाने वाली यूपी पीएसी की 34 कंपनियों को ही समाप्त कर दिया था। योगी ने कहा कि प्रदेश में सपा की चार सरकारों के कार्यकाल के दौरान 1,500 दंगे हुए और महीनों तक कर्फ्यू की स्थिति बनी रहती थी। मुख्यमंत्री ने धनतेरस के मौके पर बाजारों में दिखाई दी रौनक का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव की भव्यता पर भी लोगों से प्रतिक्रिया मांगी। उन्होंने पूछा कि कितने लोगों ने अयोध्या का दीपोत्सव देखा और उन्हें यह आयोजन कैसा लगा। दीपावली पर पटाखे जलाने से प्रदूषण होने की आलोचनाओं पर योगी आदित्यनाथ ने कहा, "अरे हमनें कहा प्रदूषण हो गया वो समाप्‍त भी हो जाएगा। काहे चिंता कर रहे हो?" उन्होंने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा, "जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट कारनामों से पूरे सिस्टम को प्रदूषित किया उनको कोई बोलता नहीं। और अगर पब्लिक एक दिन पटाखा आतिशबाजी कर ले तो प्रदूषण हो गया। अरे हुआ तो समाप्त भी हो जाएगा। कोई समस्या नहीं है। अच्छा किया लोगों ने बहुत धूम-धड़ाके के साथ दीपावली मनाई। खूब आतिशबाजी की।" मुख्यमंत्री ने बताया कि उनकी सरकार ने दीपावली पर आतिशबाजी को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया था। उन्होंने कहा, "और हम लोगों ने कहा भी कोई प्रतिबंध नहीं लगाएंगे, खूब आतिशबाजी। मैं भी अयोध्या में आतिशबाजी में था।" योगी ने कहा कि जब गलत गतिविधियां होती हैं, तब उन पर सवाल नहीं उठाए जाते, लेकिन त्योहारों पर लोग खुशी मनाते हैं तो प्रदूषण का मुद्दा उठने लगता है। 

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.