नवरात्रि-कांवड़ यात्रा पर योगी का बड़ा बयान, बोले- यूपी कर्फ्यू और दंगों से मुक्त

YUGVARTA NEWS

YUGVARTA NEWS

Lucknow, 2 Nov, 2026 04:16 PM
नवरात्रि-कांवड़ यात्रा पर योगी का बड़ा बयान, बोले- यूपी कर्फ्यू और दंगों से मुक्त

लखनऊ, 02 नवंबर 2026 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धार्मिक आयोजनों की स्वतंत्रता, कानून-व्यवस्था और प्रदेश में हुए विकास कार्यों को लेकर अपनी बात रखी। गोंडा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने नवरात्रि के दौरान दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना और कांवड़ यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ का जिक्र किया। साथ ही, पिछली सरकारों के कार्यकाल में धार्मिक आयोजनों के दौरान आने वाली चुनौतियों पर समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया। योगी आदित्यनाथ ने बताया कि इस बार नवरात्रि में पूरे प्रदेश में 67 हजार दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। उन्होंने कहा कि गोंडा के मंडलायुक्त को विशेष निर्देश दिए गए थे कि घरों में प्रतिमा स्थापित करने के लिए अनुमति की आवश्यकता न हो और किसी को इसमें परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने कहा, "भाई वो उसका अपना पैसा लगा रहा है। उसकी अपनी मनौती है।" उन्होंने नवरात्रि के आयोजनों को शांतिपूर्ण बताते हुए कहा, "कितना शांतिपूर्ण था। कितना शांतिपूर्ण था। कोई हलचल नहीं, उत्साह उमंग था। हर जगह खुशहाली थी। लोग पर्व और त्योहार के माध्यम से आनंद ले रहे थे।" कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच इस वर्ष साढ़े चार करोड़ श्रद्धालु यात्रा का हिस्सा बने थे। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान इस यात्रा पर रोक लगा दी गई थी और दंगे होने की आशंका जताई गई थी। योगी ने कहा, "अरे हमनें कहा हमारे समय में नहीं दंगा होगा। तुम दंगाइयों को अपने आवास में बुला करके सम्मानित करते हो इसलिए वे दंगा करने का दुस्साहस करेंगे।" उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा, "अगर अब बीजेपी की डबल इंजन सरकार में तुमने दंगा करने का प्रयास किया तो तुम्हें वह सबक हम सिखाएंगे कि कई पीढ़ियां याद करेंगी।" प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, "यूपी कर्फ्यू से मुक्त है, दंगा से मुक्त है।" उन्होंने गोंडा में दुर्गा पूजा के दौरान पहले हुई हिंसा का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय उन्हें स्वयं यहां आना पड़ा था और आयोजकों को परेशान किया जा रहा था। उन्होंने वर्ष 2015-16 की स्थिति का उल्लेख करते हुए गोंडा, बलरामपुर और बहराइच में धार्मिक आयोजनों के दौरान होने वाली समस्याओं पर भी टिप्पणी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इन क्षेत्रों में त्योहारों के दौरान पहले जैसी परेशानियां नहीं हैं और लोग उत्साह के साथ पर्व मना रहे हैं। विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में पिछले नौ से साढ़े नौ वर्षों के दौरान प्रदेश में कई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। उनके मुताबिक, अकेले गोंडा जिले के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जबकि पूरे देवीपाटन मंडल के लिए लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि इनमें से कुछ परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, कई पर काम जारी है और नई योजनाओं के प्रस्ताव भी मांगे गए हैं। 

सर्वाधिक पसंद

Leave a Reply

comments

Loading.....
  1. No Previous Comments found.